गोहाना। शहर के सामान्य अस्पताल के चिकित्सक ने एक व्यक्ति पर उसके और स्टाफ के साथ हाथापाई करने और सामान तोड़ने का आरोप लगाया है। आरोप है कि व्यक्ति राजनीतिक पहुंच बताकर अपने मरीज की एमएलआर बनाने को कह रहा था, जबकि चिकित्सक अस्पताल में गंभीर हालत में भर्ती दो मरीजों का उपचार कर रहे थे। चिकित्सक के बयान पर पुलिस ने सरकारी काम में बाधा पहुंचाने सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
सामान्य अस्पताल गोहाना के चिकित्सक डॉ. अनूज सांगवान ने बताया कि वह 25 अक्तूबर को आपातकालीन विभाग में ड्यूटी दे रहे थे। वह गंभीर हालत में भर्ती विकास व गौरव का उपचार कर रहे थे। इसी दौरान एक व्यक्ति अस्पताल में पहुंचा। उसने अपनी पहचान गोहाना निवासी राजामोहन वर्मा के रूप में दी। उसने खुद की राजनीतिक पहुंच बताते हुए उसके मरीज की एमएलआर काटने को कहा। डॉ. अनूज का कहना है कि उन्होंने उसके मरीज की जांच करने के बाद कुछ देर रुकने को कहा। उन्हें बताया गया कि दो मरीजों की हालत गंभीर है। उन्हें प्राथमिक उपचार देने के बाद वह उनके मरीज की एमएलआर बना देंगे। जिस पर वह भड़क गया और चिकित्सक व स्टाफ से हाथापाई करते हुए तोड़फोड़ करने लगा। जिस पर चिकित्सक ने पुलिस को फोन करने को कहा तो वह धमकी देता हुआ फरार हो गया। चिकित्सक ने मामले की शिकायत सिटी थाना गोहाना पुलिस को दी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
वर्जन
चिकित्सक ने सरकारी काम में बाधा पहुंचाने व हाथापाई की शिकायत दी थी। जिस पर मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।
- महिपाल सिंह, थाना प्रभारी सिटी गोहाना।