अटेली/कनीना। बागवानी विभाग की ओर से मंगलवार जिला उद्यान अधिकारी प्रेम कुमार यादव की अध्यक्षता में खंड अटेली के गांव गनियार और खंड कनीना के गांव रामबास में बागवानी जागरूकता शिविर का आयोजन किया।
जिला उद्यान अधिकारी प्रेम कुमार यादव ने कहा कि सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं के बारे में किसानों को जानकारी देना है। बागवानी से संबंधित किसी भी योजना का लाभ लेने के लिए मेरी फसल मेरा ब्योरा पोर्टल पर पंजीकरण करवाना अनिवार्य है।
उन्होंने बताया कि बागवानी विभाग किसानों के लिए अनेक स्कीम चला रहा है। इसमें एक मशीनीकरण (यंत्र) स्कीम है। इसके तहत ट्रैक्टर (अप टू 20 पीटीओ एचपी) पावर टीलर (8 बीएचपी और ऊपर दिए गए ) नैपसैक स्प्रेयर (क्षमता 16 लीटर) आदि सम्मिलित हैं। मशीनीकरण मद में 40 से 50 प्रतिशत अनुदान देने का प्रावधान है।
इस अवसर पर उद्यान विकास अधिकारी डाॅ. राहुल कुमार, खाद्य आपूर्ति एवं नियंत्रक अधिकारी कार्यालय से सब इंस्पेक्टर विक्रम, पब्लिक हेल्थ विभाग तथा संबंधित उद्यान विकास अधिकारी, ग्राम सचिव गनियार, सरपंच सुनीता आदि मौजूद थे।