सोनीपत। जिला बार एसोसिएशन, सोनीपत की तरफ से होली मिलन और सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इसमें जिला सत्र एवं न्यायाधीश (सेशन जज) प्रमोद गोयल सहित अन्य न्यायाधीश भी शामिल हुए। न्यायाधीश प्रमोद गोयल ने सभी को होली की शुभकामनाएं दी। कार्यक्रम की अध्यक्षता एसोसिएशन के प्रधान अनिल ढुल ने की। इस दौरान वरिष्ठ, युवा व महिला अधिवक्ताओं को सम्मानित किया गया।
अनिल ढुल ने कहा कि समारोह आयोजित करने का उद्देश्य भाईचारे को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ अधिवक्ता हमारे मार्गदर्शक हैं। उनके मार्गदर्शन में सभी को साथ लेकर एसोसिएशन आगे बढ़ेगी। इस दौरान वरिष्ठ अधिवक्ताओं के साथ महिला व जूनियर अधिवक्ताओं को सम्मानित किया। साथ ही सोनीपत की वरिष्ठ महिला अधिवक्ता सीमा जैन व रितू जैन को भी सम्मानित किया। पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय बार एसोसिएशन की सह सचिव फतेहपुर गांव की एडवोकेट प्रवीन दहिया व महिला आयोग की सदस्य सोनिया अग्रवाल को भी सम्मान दिया गया। कार्यक्रम में न्यायाधीश अलका मलिक, डॉ. संजीव आर्य, अजय पराशर, विमल कुमार, शैलेंद्र सिंह, सुरुचि अतरेजा सिंह, हेमंत यादव, नरेंद्र सिंह, शिखा, वरिष्ठ अधिवक्ता रघुवर दयाल, सुधा मलिक, आशीष वत्स आदि मौजूद रहे।