सोनीपत। गांव मल्हा माजरा में डकैती के दौरान किसान साहिल की हत्या करने के मुख्य आरोपी कुबेर उर्फ महिना उर्फ मैना को स्पेशल एंटी गैंगस्टर यूनिट सेक्टर-7 की टीम ने गांव सफियाबाद-मुनीरपुर रोड पर सोमवार की सुबह हुई मुठभेड़ में दबोच लिया। दिल्ली की जेजे कॉलोनी का रहने वाला आरोपी दिल्ली पुलिस का हिस्ट्रीशीटर है।
साहिल की हत्या के बाद से पुलिस आरोपी को तलाश रही थी। सोमवार सुबह एसआई विवेक की टीम नरेला-बवाना रोड पर घोघा गांव के मोड़ पर थी। उन्हें सूचना मिली कि आरोपी कुबेर सफियाबाद-मुनीरपुर रोड पर आने वाला है। इस पर उसकी घेराबंदी की गई।
इस दौरान आरोपी बाइक पर गांव मुनीरपुर की तरफ से आता हुआ दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रोकने की कोशिश की तो उसने कच्चे रास्ते पर गाड़ी मोड़ दी मगर भागते समय वह गिर गया। पुलिस ने उसे पकड़ने का प्रयास किया तो उसने उन पर दो फायर किए।
पुलिस ने बचाव में गोली चलाई तो कुबेर के पैर में लगी जिससे वह घायल हो गया। पुलिस ने उन्हें दबोच कर नागरिक अस्पताल सोनीपत में भर्ती कराया। वहां से उसे महिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल खानपुर रेफर कर दिया गया।
तमंचा, बाइक और मोबाइल बरामद
पुलिस ने आरोपी के पास से तमंचा, मोबाइल व बाइक बरामद की है। पुलिस आयुक्त ने 24 जनवरी को ही आरोपी पर पांच हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। मामले में डीजीपी पहले ही आरोपियों पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित कर चुके थे। गिरफ्तार आरोपी पर 10 मुकदमे दर्ज हैं। आरोपी कुबेर ने ही डाका डालने के दौरान साहिल के सीने में चाकू मारकर उसकी हत्या कर दी थी।
पांच आरोपी पहले ही पकड़े, दो को लगी थी गोली
पुलिस ने मामले में दिल्ली के बवाना की जेजे कॉलोनी निवासी शाहनवाज उर्फ सद्दाम को सबसे पहले पकड़ा था। उसके बाद मूलरूप से गांव नाहरा हॉल डीडीए फ्लैट, नरेला के शेखर और दिल्ली की जेजे कॉलोनी निवासी शफीक को मुठभेड़ में दबोचा था। दोनों के पैरों में गोली लगी थी। बाद में जेजे कॉलोनी के नजीम उर्फ सेबू और शोहिल उर्फ बाउंसर को पकड़ा गया था।
डाका डालने और किसान की हत्या के मामले में छठे आरोपी को भी दबोच लिया है। उसे खानपुर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसे अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद रिमांड पर लिया जाएगा। -नरेंद्र कादियान, डीसीपी क्राइम सोनीपत