सोनीपत। कबीरपुर में पैसों के लेनदेन को लेकर चली आ रही रंजिश में रविवार देर रात फाइनेंसर कृपाल आश्रम रोड कबीरपुर निवासी अमित को गोली मार दी गई। गोली पैर में लगी है। उसे नागरिक अस्पताल से प्राथमिक उपचार देने के बाद रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया गया है।
अमित ने सदर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है कि वह फाइनेंस का कार्य करते हैं। उनकी दिल्ली के नरेला निवासी डेनी खत्री से जान-पहचान थी। कुछ दिन पहले दोनों के बीच पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद हो गया था।
अमित ने बताया कि वह 25 जनवरी की रात को तारा नगर, सोनीपत में अपने दोस्त कर्ण के जन्मदिन पार्टी में गए हुए थे। रात करीब 12 बजे जब वह अपने घर के पीछे पहुंचे तो डेनी अपने साथियों के साथ वहां पर आया और उनकी पिटाई करने लगा।
जब उन्होंने खुद को बचाने की कोशिश की तो डेनी ने पिस्तौल से उन पर गोली चला दी जो उनके पैर में लगी। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से भाग गए। परिजन अमित को नागरिक अस्पताल लेकर गए जहां से उन्हें पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया गया। सूचना के बाद सदर थाना पुलिस ने घायल अमित के बयान दर्ज किए।