फोटो : सोनीपत के गन्नौर आरपीएस खेल ग्राउंड में मैच शुरू करने से पहले फुटबाॅल टीमों के साथ पूर्
- फोटो : Archive
गन्नौर। ब्राइट फुटबॉल यूथ स्पोर्ट्स सोसाइटी के तत्वावधान में आरपीएस खेल ग्राउंड में चल रहे ओपन गर्ल्स लीग कम नॉकआउट फुटबॉल टूर्नामेंट का बुधवार को समापन हो गया। फाइनल मुकाबले में हिसार की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अमृतसर को 2-0 से हराकर ट्रॉफी अपने नाम कर ली।
सेमीफाइनल मुकाबलों में हिसार ने जागसी को 2-1 से हराकर फाइनल में जगह बनाई, जबकि दूसरे सेमीफाइनल में अमृतसर ने भिवानी को पेनल्टी शूटआउट में 3-2 से मात दी। फाइनल में हिसार ने बेहतरीन खेल दिखाते हुए खिताब अपने नाम किया।
समापन समारोह में विजेता टीम हिसार को 31 हजार रुपये, उपविजेता अमृतसर को 21 हजार रुपये और संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर रही भिवानी व जागसी की टीमों को 11-11 हजार रुपये का पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में पूर्व सांसद रमेश चंद कौशिक मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे। उन्होंने विजेता व उपविजेता टीमों को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि बेटियां आज हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं और ऐसे खेल आयोजन उन्हें आगे बढ़ने और आत्मविश्वास बढ़ाने का अवसर देते हैं।
आयोजक सुनील राठी ने मुख्य अतिथि रमेश चंद कौशिक को स्मृति चिह्न भेंट किया। इस अवसर पर विद्या भूषण हसीजा, पूर्व मार्केट कमेटी चेयरमैन रामकुमार धनखड़, सोनू खत्री और प्रमोद कौशिक भी मौजूद रहे।
फोटो : सोनीपत के गन्नौर आरपीएस खेल ग्राउंड में मैच शुरू करने से पहले फुटबाॅल टीमों के साथ पूर्- फोटो : Archive