द हिंदू सोनीपत एजुकेशनल एंड चैरिटेबल सोसाइटी के अंतर-विद्यालयी खेल प्रतियोगिता में प्रतिभागी खिलाड़ियों ने विभिन्न स्पर्धाओं में शानदार खेल दिखाते हुए जीत का जोर लगाया। अंत में 162 पदकों के साथ हिंदू वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, कोर्ट रोड 162 पदकों के साथ ओवरऑल विजेता बना।
मुख्यातिथि के रूप में पहुंचे भारतीय हॉकी महासंघ के संयुक्त सचिव एवं हरियाणा हॉकी के उपाध्यक्ष सुनील मलिक ने विजेताओं को बधाई दी। इससे पूर्व संस्था के पूर्व अध्यक्ष पवन कुमार गुप्ता, महासचिव अनुज मित्तल, कोषाध्यक्ष जय कंवर जैन ने मुख्य अतिथि का माला पहनाकर स्वागत किया गया।
समारोह की शुरुआत में विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी। खेल प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने उमंग एवं उत्साह दिखाते हुए अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। लड़कियों में हिंदू विद्यापीठ की छात्रा अंशिका सर्वश्रेष्ठ एथलीट रहीं, वहीं लड़कों में यह खिताब इसी स्कूल के मोहित को दिया गया। हिंदू वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, कोर्ट रोड के शिवम व एसएमम हिंदू वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के संकेत को भी सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी के खिताब से नवाजा गया। विजेता रहे खिलाड़ियों को मुख्यातिथि ने पदक पहनाकर सम्मानित किया।
अंतर-विद्यालयी खेल प्रतियोगिता में हिंदू विद्यापीठ ने 148 पदक प्राप्त कर रनरअप का खिताब जीता। हिंदू कोर्ट रोड के खिलाड़ी 162 पदक पाकर पिछली बार की तरह अंतर-विद्यालयी स्कूली खेलकूद ट्रॉफी पर कब्जा बनाए रखा। कोर्ट रोड स्थित हिंदू वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के प्राचार्य जोगिंदर संधु, पीटीआई प्रदीप राठी, राजकुमार व विद्यालय के कर्मचारियों ने विजेता टीम को बधाई दी।