शिक्षा विभाग की नई रेशनेलाइजेशन नीति के तहत स्कूलों से कैप्ट किए गए पद व तबादला प्रक्रिया के बाद कई स्कूल विषय विशेषज्ञों से विहीन हो गए हैं। जिसका खामियाजा विद्यार्थियों को भुगतना पड़ेगा। सोनीपत के गांव करेवड़ी में जहां प्राचार्य व विज्ञान विषय के पद कैप्ट कर दिए, वहीं गन्नौर खंड के गांव लड़सौली व पिपली खेड़ा में हिंदी व राजनीति विज्ञान विषय विशेषज्ञों का तबादला कर दिया गया। जबकि उनके स्थान पर दूसरे अध्यापक तबादला होकर नहीं आए हैं। ऐसी स्थिति में विद्यार्थियों को इन विषयों की तैयारी अपने स्तर पर ही करनी होगी। जिले के अनेक स्कूलों में यह स्थिति बनी हुई है।
हिंदी विषय के अध्यापक का पद खत्म
गन्नौर खंड के गांव लड़सौली स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में हिंदी विषय के अध्यापक का पद स्वीकृत था। वर्ष 2019 में खत्म कर दिया गया था। हालांकि तब से लेकर आज तक एक हिंदी अध्यापक वहां विद्यार्थियों को शिक्षा दे रहा था। तबादला प्रक्रिया में हिंदी अध्यापक का यहां से तबादला कर दिया गया। जबकि उनके स्थान पर कोई दूसरा अध्यापक भी नहीं भेजा। स्कूल में 140 विद्यार्थी शिक्षा ग्रहण कर रहे हैँ। अब इन विद्यार्थियों को राष्ट्रभाषा हिंदी विषय की तैयारी अपने स्तर पर ही करनी होगी।
राजनीति विज्ञान का पद किया खत्म
गन्नौर खंड के गांव पिपली खेड़ा में भी यही स्थिति बनी हुई है। यहां राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में 150 विद्यार्थी शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। नई रेशनेलाइजेशन नीति के तहत यहां से राजनीति विज्ञान का पद कैप्ट कर दिया। तबादला प्रक्रिया में इस विषय विशेषज्ञ अध्यापक का भी तबादला कर दिया। जिसके बाद यहां विद्यार्थियों को राजनीति विज्ञान पढ़ाने वाला कोई अध्यापक नहीं रहा। ऐसे में राजनीति विज्ञान की पढ़ाई करने वाले विद्यार्थियों की पढ़ाई बाधित होगी।
प्राचार्य व विज्ञान विषय के पद किए कैप्ट
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, करेवड़ी में कुल 157 विद्यार्थी शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। नई रेशनेलाइजेशन नीति के तहत यहां से प्राचार्य व विज्ञान विषय के पद कैप्ट कर दिए गए। दाखिला प्रक्रिया में प्राचार्य सहित कुल 9 अध्यापकों में से 6 अध्यापकों का तबादला कर दिया गया। इनमें विज्ञान विषय की अध्यापिका भी शामिल है। हालांकि इतने ही अध्यापकों को तबादला कर यहां भेजा गया है। लेकिन उनके विज्ञान विशेषज्ञ कोई नहीं है। इस स्कूल से पहले गणित विषय के पद को कैप्ट कर दिया गया था, जिसे अब दोबारा खोल दिया है। विज्ञान विषय विशेषज्ञ के अभाव में विद्यार्थियों को आने वाले समय में इस विषय को समझने में परेशानियों का सामना करना पड़ेगा।
संविधान भेंटकर किया सम्मानित
गांव करेवड़ी के राजकीय स्कूल में अध्यापकों के तबादले के बाद आयोजित विदाई समारोह में बसपा के लोकसभा प्रभारी राजेश पहुंचे। उन्होंने प्राचार्य कृष्णा खत्री, अध्यापक पंकज व अन्य को संविधान की कॉपी भेंट कर सम्मानित किया। राजेश ने कहा कि सभी अध्यापकों ने विद्यार्थियों के चहुंमुखी विकास के लिए हर संभव प्रयास किया। इनके प्रयासों से ही विद्यार्थी आज बेहतर अंक ले रहे हैं, बल्कि अन्य गतिविधियों में भी बढ़ चढ़कर भाग ले रहे हैं। इस दौरान उनके साथ गन्नौर हलका से एडवोकेट जितेंद्र रंगा, जसवंत राणा, कुलवंत राणा, जगमेंद्र सिंह राणा, कर्मबीर सिंह रंगा सहित अन्य मौजूद रहे।