खेतों के लिए शेड्यूल के मुताबिक बिजली नहीं मिलने पर क्षेत्र के पांच गांवों के किसान बुधवार को बिजली कार्यालय पहुंचे। उन्होंने उपमंडल अधिकारी नीरज को अपनी समस्या से अवगत कराया।
किसानों ने बताया कि कृषि के लिए शेड्यूल के मुताबिक बिजली नहीं मिलने से उनकी खेती प्रभावित हो रही है। बिजली के तार खस्ताहालत में हैं। इस समस्या को लेकर वह दो महीने पहले भी बिजली कार्यालय आए थे, लेकिन आज तक उनकी सुनवाई नहीं हुई है। उपमंडल अधिकारी ने किसानों को जल्द समस्या का समाधान करवाने का आश्वासन दिया।
गांव सेहरी, खांडा, नकलोई, निरथान व चौलका के किसान बलवान नंबरदार, राजू, सतनारायण, संजीत, नान्हा, जयबीर, सुरेंद्र, चंद्रशेखर, अशोक, संदीप, राकेश, वेदप्रकाश, रोशन व हवा सिंह का कहना है कि उनके क्षेत्र के पांच गांवों की बिजली आपूर्ति एक ही लाइन से की जा रही है। बिजली के तार जर्जर हालत में हैं। काफी समय से खेतों में बिजली आपूर्ति प्रभावित है। कई-कई बार कट लगने से उनके ट्यूबवेल खराब हो चुके हैं। सिंचाई न होने के कारण खेतों में खड़ी फसल सूख रही है। जिसको लेकर दो महीने पहले भी शिकायत दी गई थी, उन्हें जल्द समस्या का समाधान करवाने का आश्वासन दिया गया। लेकिन आज तक कोई सुनवाई नहीं की गई। जिसके कारण उन्हें फिर बिजली निगम कार्यालय आना पड़ा। किसानों का कहना है कि जल्द ही समस्या में सुधार नहीं हुआ तो वह बिजली निगम के फीडर पर ताला बंदी करने से भी पीछे नहीं हटेंगे।
बिजली के तार जर्जर हो जाने से समस्या आ रही है। एस्टीमेट बनवाकर तारों को बदलवा दिया जाएगा। जिससे किसानों की समस्या का स्थायी हल किया जा सके। -नीरज, उपमंडल अधिकारी, बिजली निगम खरखौदा