सोनीपत। जिला नागरिक अस्पताल में शुक्रवार को स्वस्थ नारी, स्वस्थ परिवार क्लीनिक की शुरुआत होगी। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी इस क्लीनिक का वर्चुअल उद्घाटन करेंगे। यह क्लीनिक महिलाओं के स्वास्थ्य संबंधी मुद्दों जैसे एनीमिया, उच्च रक्तचाप, मधुमेह और कैंसर की जांच के लिए खोला जा रहा है।
17 सितंबर 2025 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन में देशभर में स्वस्थ नारी स्वस्थ परिवार अभियान की शुरुआत की गई थी। उस अभियान के तहत हर स्वास्थ्य केंद्रों में कैंप लगाकर महिलाओं के स्वास्थ्य की जांच की गई थी। उस दौरान जो महिलाएं बीमार पाई गई थी उनकी निरंतर जांच की जा रही है।
अब प्रदेश सरकार ने उस अभियान को बढ़ावा देने के लिए हर जिला अस्पताल में स्वस्थ नारी स्वस्थ परिवार क्लीनिक खोलने के आदेश दिए। स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान का उद्देश्य प्रधानमंत्री के 2047 तक स्वास्थ्य, पोषण, फिटनेस और विकसित भारत के विजन को आगे बढ़ाना है।
यह राष्ट्रव्यापी गहन अभियान सामुदायिक स्तर पर महिलाओं को लक्षित करते हुए निवारक, प्रोत्साहक और उपचारात्मक स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने का प्रयास किया गया। अब प्रदेश के हर जिला अस्पताल में शुक्रवार से स्वस्थ नारी स्वस्थ परिवार क्लीनिक की शुरुआत होने जा रही है।
इसमें हर उम्र की महिलाओं के गैर-संक्रामक रोगों, एनीमिया, तपेदिक के लिए स्क्रीनिंग, शीघ्र निदान और उपचार संबंधी संबंधों को मजबूत करेगा। साथ ही प्रसवपूर्व देखभाल, टीकाकरण, पोषण, मासिक धर्म स्वच्छता, जीवनशैली और मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता गतिविधियों के माध्यम से मातृ, शिशु और किशोर स्वास्थ्य को बढ़ावा देगा।
साथ ही, यह अभियान मोटापे की रोकथाम, बेहतर पोषण और स्वैच्छिक रक्तदान पर विशेष जोर देते हुए समुदायों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करेगा।
वर्जन
जिला नागरिक अस्पताल में शुक्रवार को स्वस्थ नारी स्वस्थ परिवार क्लीनिक का शुभारंभ होने जा रहा है। मुख्यमंत्री नायब सिंह वर्चुअल तरीके से इस क्लीनिक की शुरुआत करेंगे। इस क्लीनिक में हर उम्र की महिलाओं के स्वास्थ्य की जांच की जाएगी। -डॉ. नीरज यादव, उप सिविल सर्जन