सोनीपत। सुभाष चौक के पास स्थित निक्की ज्वेलर्स में ग्राहक बनकर आए एक युवक पर आठ ग्राम की सोने की बाली चोरी करने का आरोप है। घटना 25 अगस्त की शाम करीब छह से साढ़े छह बजे के बीच की बताई जा रही है। ज्वेलर ने अपने स्तर पर युवक की तलाश की लेकिन उसका पता नहीं चला। इसके बाद पुलिस को शिकायत दी गई। सिविल लाइन थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
विनोद जैन ने प्राथमिकी दर्ज कराई है कि सुभाष चौक के पास उनकी निक्की ज्वेलर्स नाम से दुकान है। 25 अगस्त की शाम एक ग्राहक सामान खरीदने के बहाने दुकान पर आया था। आरोप है कि इसी दौरान वह आठ ग्राम की सोने की बाली चोरी करके ले गया।
दुकान में हुई चोरी की घटना की वीडियो क्लिप उनके पास मौजूद है। उन्होंने अपने स्तर पर भी आरोपी की तलाश की लेकिन उसके बारे में कोई जानकारी नहीं मिल सकी। इसके बाद उन्होंने पुलिस से शिकायत दर्ज कर कार्रवाई करने की मांग की। थाना पुलिस के जांच अधिकारी प्रमिंद्र सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।