फोटो 35- सोनीपत के खरखौदा के गांव बिधलान स्थित परीक्षा केंद्र में दीवार पर चढ़कर पर्चियां पहुंच
- फोटो : kishatwad
सोनीपत। शिक्षा विभाग, जिला प्रशासन व पुलिस के बोर्ड परीक्षाओं को नकल रहित संचालित करवाने के प्रयासों के बावजूद बाहरी तत्व नकल डालने की कोशिशों से बाज नहीं आ रहे। खरखौदा के गांव बिधलान स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में बनाए गए परीक्षा केंद्र पर सोमवार को 12वीं कक्षा के पेपर के दौरान बाहर युवकों का जमावड़ा रहा। परीक्षा केंद्र पर बड़ी संख्या में बाहरी हस्तक्षेप नजर आया। युवक नकल डालने के लिए परीक्षा केंद्र की दीवारों के पास मंडराते रहे।
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड (एचबीएसई) की तरफ से सोमवार को जिले में बनाए गए 68 परीक्षा केंद्रों पर 12 कक्षा का इतिहास व जीव विज्ञान विषय का पेपर संचालित किया गया। परीक्षा के दौरान अधिकतर केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी नजर आई। पुलिस के पहरे के बीच बाहरी तत्व परीक्षा केंद्र के आसपास भी नजर नहीं आए। वहीं खरखौदा के गांव बिधलान स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में बनाए गए परीक्षा केंद्र में नजारा अलग दिखा। यहां कुछ युवा परीक्षा केंद्र के पास एक कमरे में बैठकर पर्चियां बनाते नजर आए। युवा नकल डालने के लिए दीवार पर चढ़े दिखाई दिए।
एसडीएम ने पहुंच किया निरीक्षण
खरखौदा। बिधलान के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में बनाए गए परीक्षा केंद्र के बाहर युवकों के झुंड के परीक्षा केंद्र की दीवार के पास आवाजाही करने की सूचना मिलने पर एसडीएम डाॅ. निर्मल नागर व एसीपी जीत बेनीवाल मौके पर पहुंचे। उन्होंने केंद्र का निरीक्षण किया और केंद्र पर तैनात पुलिसकर्मियों को बाहरी हस्तक्षेप न होने देने की आदेश दिए। अधिकारियों ने कहा कि व्यवस्था सुदृढ करने के लिए परीक्षार्थियों के अभिभावकों को भी अब परीक्षा केंद्र से दूरी बनाकर बैठने की हिदायत दी गई है। इसकी पालना नहीं करने पर सख्त कार्रवाई की जाए। परीक्षा केंद्र की दीवारों के आसपास कोई भी दिखाई दे तो उस पर तत्काल कार्रवाई करते हुए केस दर्ज करें।
-गांव बिधलान के राजकीय विद्यालय में बनाए परीक्षा केंद्र पर बाहरी हस्तक्षेप की बात सामने आ रही है। केंद्र का निरीक्षण किया। मेरे साथ एसीपी, बीईओ व फ्लाइंग स्क्वायड के साथ परीक्षा केंद्र पर मौजूद रहे। क्षेत्र के सभी परीक्षा केंद्रों पर नजर रखी जा रही है। बिधलान में भी परीक्षा सुचारू रूप से संपन्न करवाई गई है।
डॉ. निर्मल नागर, एसडीएम, खरखौदा
फोटो 35- सोनीपत के खरखौदा के गांव बिधलान स्थित परीक्षा केंद्र में दीवार पर चढ़कर पर्चियां पहुंच- फोटो : kishatwad