फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Sonipat News: जूनियर एशिया कप में हरियाणा का जलवा, पांच खिलाड़ियों ने लहराया तिरंगा

विज्ञापन
विज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
विज्ञापन

सोनीपत। चीन के मोकी में आयोजित हॉकी जूनियर एशिया कप 2026 में हरियाणा की प्रतिभा एक बार फिर दुनिया के सामने चमकी। भारतीय खेल प्राधिकरण (साई), सोनीपत के राष्ट्रीय उत्कृष्टता केंद्र (एनसीओई) में अभ्यास करने वाले हरियाणा के पांच खिलाड़ियों ने भारतीय जूनियर पुरुष टीम का हिस्सा बनकर टीम को एशिया का चैंपियन बनाने में अहम भूमिका निभाई।
पुरुष टीम में हरियाणा के सुखविंदर, हरपाल, रविंदर, कुणाल और चिराग शामिल रहे। वहीं खिताब जीतने वाली महिला टीम में सोनीपत प्रीतम सिवाच अकादमी में अभ्यास कर आगे बढ़ी निधि ने टीम को जीत दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा करते हुए सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर का खिताब भी जीता।
विज्ञापन

30 अगस्त से 13 सितंबर तक हुए एएचएफ जूनियर एशिया कप में भारतीय पुरुष टीम ने फाइनल में दक्षिण कोरिया को 4-1 से हराकर खिताब अपने नाम किया। टीम की इस शानदार जीत के साथ भारत ने जूनियर विश्व कप के लिए भी क्वालिफाई कर लिया। खिताबी मुकाबले तक पहुंचने में हरियाणा के खिलाड़ियों का प्रदर्शन खासा प्रभावी रहा।
जूनियर एशिया कप दिलाने वाले पुरुष खिलाड़ियों में कैथल के हाबड़ी गांव निवासी सुखविंदर और हरपाल, रोहतक निवासी रविंदर, फरीदाबाद निवासी कुणाल और गुरुग्राम निवासी चिराग शामिल रहे। इन खिलाड़ियों ने पूरे टूर्नामेंट में बेहतरीन तालमेल और खेल कौशल का प्रदर्शन करते हुए भारतीय टीम की जीत में योगदान दिया।
महिला टीम की जीत में निधि का शानदार प्रदर्शन
भारतीय जूनियर महिला हॉकी टीम की सफलता में सोनीपत की प्रीतम सिवाच अकादमी में अभ्यास कर राष्ट्रीय स्तर पर पहुंची निधि ने भी अहम भूमिका निभाई। दिल्ली के घुम्मनहेड़ा की रहने वाली निधि ने गोलकीपर के रूप में शानदार प्रदर्शन किया और प्रतियोगिता की सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर का पुरस्कार अपने नाम किया। निधि लंबे समय से सोनीपत की प्रीतम सिवाच हॉकी अकादमी में अभ्यास करती रही और यहीं से शिक्षा ग्रहण की है। वहीं साई सोनीपत की खिलाड़ी मिजोरम निवासी लालरिनपुई ने भी टीम के लिए प्रभावी प्रदर्शन किया।
विज्ञापन

साई सोनीपत में जश्न, खिलाड़ियों के लौटने पर होगा स्वागत
दोनों भारतीय टीमों के चैंपियन बनने के बाद साई सोनीपत में खुशी का माहौल है। प्रशिक्षकों और साथी खिलाड़ियों ने विजेता खिलाड़ियों को बधाई दी। देश लौटने पर खिलाड़ियों के स्वागत की तैयारी की जा रही है। साई की वरिष्ठ कार्यकारी निदेशक ऋतु पथिक ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि एक ही प्रतियोगिता में सात खिलाड़ियों का भारतीय टीम का हिस्सा बनना और दोनों टीमों का चैंपियन बनना साई सोनीपत के लिए गौरव की बात है। खिलाड़ियों की यह उपलब्धि सेंटर में प्रशिक्षण ले रहे अन्य युवाओं को भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करेगी।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें