राई/सोनीपत। गांव कुमासपुर के पास जीटी रोड पर स्थित हल्दीराम रेस्टोरेंट में कैशियर को थप्पड़ मारकर व पिस्तौल दिखाकर चार बदमाशों ने 35 हजार रुपये लूट लिए। लूटपाट कर जाने के बाद बदमाशों ने दोबारा पहुंचकर फिर से सभी दराज खंगाले और बाद में दो बाइकों पर सवार होकर फरार हो गए। रेस्टोरेंट मैनेजर ने मामले की सूचना पुलिस को दी। सूचना के बाद डीएसपी व मुरथल थाना प्रभारी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच की। पुलिस ने मुकदमा दर्ज करने के साथ ही सीसीटीवी फुटेज कब्जे में ले ली हैं। पुलिस बदमाशों का पता लगाने का प्रयास कर रही है। इसके लिए सीआईए समेत तीन टीमों को लगाया गया है।
कुमासपुर स्थित हल्दीराम रेस्टोरेंट के मैनेजर वरुण गोस्वामी ने मुरथल थाना पुलिस को बताया कि रात करीब 10 बजे चार युवक रेस्टोरेंट में पहुंचे थे। कुछ देर तक मेन्यू कार्ड देखने के बाद वह अचानक उठे और एक युवक काउंटर के ऊपर से कूदकर सीधा कैशियर विकास के पास पहुंच गया। युवक ने अंदर आते ही कैशियर विकास को थप्पड़ मारकर पीछे कर दिया। इसी बीच उसके तीनों साथियों ने पिस्तौल निकालकर लोगों को शांत रहने को कहा। इसी बीच एक बदमाश ने कैशियर के काउंटर में रखी करीब 35000 रुपये की नकदी उठा ली। इस दौरान उसके साथी अन्य कर्मियों व रेस्टोरेंट में मौजूद लोगों को धमकी देते रहे। बाद में बदमाश नकदी लूटने के बाद वहां से फरार हो गए। मामले की सूचना मुरथल थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही मुरथल थाना प्रभारी सुमित कुमार अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। इसके साथ ही डीएसपी हंसराज भी रेस्टोरेंट में पहुंचे। पुलिस टीम ने वहां सीसीटीवी रिकार्ड खंगाले और डीवीआर को कब्जे में ले लिया। पुलिस बदमाशों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।
महज एक मिनट 10 सेकेंड में दिया वारदात को अंजाम
लूटपाट की वारदात सीसीटीवी में कैद हो गई है। बदमाशों ने महज 1 मिनट 10 सेकेंड में लूट की वारदात को अंजाम दिया। बदमाश रात को रेस्टोरेंट में आकर बैठ गए थे। उसके बाद रात दस बजकर 8 मिनट 15 सेकेंड पर अचानक एक बदमाश हाथ में बैग लेकर उठकर सीधा केश काउंटर के अंदर कूद गया। उसने अंदर जाते ही कैशियर को थप्पड़ मार दिया। थप्पड़ मारते ही कैशियर आगे बढ़ा तो तब तक उसके तीन साथी हाथ में पिस्तौल लेकर काउंटर के बाहर खड़े होकर धमकी देने लगे। जिस पर बदमाश ने केश काउंटर से 35 हजार रुपये की नकदी उठा। उसके बाद वह बाहर चला गया। बाहर जाने के चंद सेकेंड बाद वह दोबारा काउंटर में घुसा और दराज खोलकर देखने लगा। वहां कुछ नहीं मिलने पर बदमाश 10 बजकर 9 मिनट 25 सेकेंड पर फरार हो गए।
हंसते हुए रेस्टोरेंट में पहुंचे थे बदमाश
चारों बदमाश रेस्टोरेंट में हंसते हुए पहुंचे थे। वह नीले व काले रंग की दो बाइक पर सवार होकर आए थे। जब बदमाश रेस्टोंरेंट के अंदर जाने लगे तो उनके चेहरे भी सीसीटीवी में दिख रहे हैं। बाद में वह लूटपाट कर अपनी बाइकों पर ही बैठकर फरार हो गए।
--
रात को हल्दीराम रेस्टोरेंट मेें लूट की सूचना मिली थी। पुलिस टीम 15 मिनट में रेस्टोरेंट में पहुंच गई थी। वहां जाकर पता लगा कि पिस्तौल दिखाकर करीब 35 हजार रुपये लूटे गए हैं। मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। सीसीटीवी फुटेज लेकर बदमाशों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। रात को भी नाकाबंदी कर पता लगाने का प्रयास किया गया, लेकिन वह भाग निकले। जल्द बदमाशों का पता लगाकर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।
-हंसराज, डीएसपी, मुरथल।
हल्दीराम रेस्टोरेंट में लूटपाट करता बदमाश व बाहर पिस्तौल लेकर खड़े उसके साथी।- फोटो : Sonipat
हल्दीराम रेस्टोरेंट में लूटपाट के दौरान कैशियर पर हमला करता बदमाश।- फोटो : Sonipat