संवाद न्यूज एजेंसी
सोनीपत। जीवीएम कन्या महाविद्यालय की तीन छात्राओं ने द्वितीय हरियाणा राज्य ताइक्वांडो चैंपियनशिप में बेहतर प्रदर्शन करते हुए तीन पदक जीते हैं। इस उपलब्धि पर संस्था के प्रधान और प्राचार्य ने विजेता छात्राओं को बधाई दी है।
प्राचार्या डॉ. मंजुला स्पाह ने बताया कि सिरसा में 15 से 17 अगस्त तक आयोजित ताइक्वांडो चैंपियनशिप में जीवीएन कन्या महाविद्यालय की खिलाड़ियों ने बेहतर प्रदर्शन किया। बीए तृतीय वर्ष की छात्रा हिमांशी ने अंडर-67 किलोग्राम भार वर्ग में स्वर्ण पदक जीता है।
वहीं बीए तृतीय वर्ष की मिताली ने अंडर-72 किलोग्राम वर्ग में रजत पदक और बीए तृतीय वर्ष की ही उमा ने 72 किलोग्राम से अधिक भार वर्ग में कांस्य पदक अपने नाम किया।
संस्था के प्रधान डॉ. ओपी परुथी और प्राचार्या डॉ. मंजुला स्पाह ने विजेताओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। कॉलेज की खेल प्रभारी अनु ने बताया कि प्रतियोगिता में प्रदेशभर से प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया था।
प्राचार्या डॉ. मंजुला स्पाह ने कहा कि जीवीएम की छात्राएं शिक्षा के साथ-साथ खेलों में भी शानदार उपलब्धियां हासिल कर रही हैं। खेल अच्छे स्वास्थ्य के आधार के साथ स्वर्णिम करियर के अवसर भी उपलब्ध कराते हैं।