अंतर महाविद्यालय प्रतियोगिता में वैष्णवी ने जीता रजत, चार छात्राओं और टीम ने हासिल किए कांस्य पदक
फोटो :11: अंतर महाविद्यालय ताइक्वांडो प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाली जीवीएम कन्या महाविद्यालय की छात्राएं प्राचार्य डॉ. मंजुला स्पाह के साथ। स्रोत महाविद्यालय
संवाद न्यूज एजेंसी
सोनीपत। जीवीएम कन्या महाविद्यालय की छात्राओं ने खेल के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करते हुए अंतर महाविद्यालय ताइक्वांडो प्रतियोगिता में पांच पदक जीतकर कॉलेज का गौरव बढ़ाया। रोहतक में 13 से 15 नवंबर तक आयोजित प्रतियोगिता में छात्राओं ने विभिन्न भार वर्गों और स्पर्धाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए अपनी खेल प्रतिभा का परिचय दिया। इस उपलब्धि पर प्राचार्य डॉ. मंजुला स्पाह ने विजेता छात्राओं को बधाई दी।
प्रतियोगिता के अंडर-46 किलोग्राम भार वर्ग में शिवांशी और अंडर-73 किलोग्राम भार वर्ग में खुशी ने कांस्य पदक हासिल किया। वहीं 72 किलोग्राम से अधिक भार वर्ग में वैष्णवी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक अपने नाम किया। छात्राओं ने कड़े मुकाबलों में अपनी प्रतिभा, आत्मविश्वास और खेल कौशल का परिचय दिया। ताइक्वांडो की पूमसे स्पर्धा के व्यक्तिगत वर्ग में वंदना ने कांस्य पदक जीता। वहीं टीम पूमसे स्पर्धा में भूमिका, आशु और निधि की टीम ने कांस्य पदक हासिल कर कॉलेज की पदक तालिका में एक और उपलब्धि जोड़ी। छात्राओं की इस सफलता से कॉलेज परिवार में खुशी का माहौल है।
प्राचार्य डॉ. मंजुला स्पाह ने विजेता छात्राओं को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता उनकी मेहनत, अनुशासन, लगन और निरंतर अभ्यास का परिणाम है। उन्होंने कहा कि खेल विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, अनुशासन और संघर्ष करने की भावना विकसित करते हैं।