सोनीपत। हरियाणा खेलकूद विश्वविद्यालय, राई में आयोजित हो रही कबड्डी चैंपियंस लीग (केसीएल) में गुरुग्राम गुरुज ने शानदार प्रदर्शन किया। मंदीप-संदीप के बेहतर खेल की बदौलत फरीदाबाद फाइटर्स को 39-24 से शिकस्त दी। यह मुकाबला ओलंपिक रजत पदक विजेता रवि कुमार दहिया और अर्जुन पुरस्कार विजेता सुनील पहलवान की मौजूदगी में खेला गया।
बुधवार देर शाम हुए मुकाबले की शुरुआत फरीदाबाद फाइटर्स ने आक्रामक तेवरों के साथ की। रोहित गुलिया ने शुरुआती रेड में अंक जुटाए और फिर तीन अंकों की शानदार सुपर रेड के दम पर फाइटर्स को 4-2 की बढ़त दिलाई।
गुरुग्राम गुरुज ने संयमित रेडिंग और अनुशासित डिफेंस के साथ जल्द ही मैच में वापसी कर ली। फरीदाबाद की ओर से योगेश दहिया ने डिफेंस में मजबूती दिखाई लेकिन संजय का रोहित गुलिया पर लगाया गया अहम एंकल होल्ड मैच का पहला टर्निंग प्वाइंट साबित हुआ। पहले रणनीतिक टाइम आउट तक गुरुग्राम ने 7-6 की बढ़त बना ली।
पहला हाफ डू और डाई रेड्स की कड़ी परीक्षा बन गया। गुरुग्राम के लिए मंदीप कुमार, विकास कंडोला और साहिल मलिक ने रेडिंग की जिम्मेदारी संभाली। दोनों टीमों की डिफेंस ने लगातार दबाव बनाए रखा, जिसके चलते मुकाबला बराबरी पर चलता रहा।
अंतिम क्षणों में साहिल मलिक पर सफल टैकल के साथ पहला हाफ 11-11 की बराबरी पर समाप्त हुआ। दूसरे हाफ में तस्वीर पूरी तरह बदल गई। विकास कंडोला ने निर्णायक रेड में जयदीप और योगेश को आउट कर गुरुग्राम को लय दिलाई।
राहुल सेठपाल के नेतृत्व में डिफेंस ने रोहित गुलिया को डू और डाई रेड में रोककर फरीदाबाद पर दबाव बढ़ा दिया। गुरुग्राम ने मौके का भरपूर फायदा उठाते हुए लगातार ऑल-आउट किए और स्कोर 20-13 से उछल कर दूसरे रणनीतिक टाइम आउट से पहले 27-14 हो गया।
इसके बाद गुरुग्राम गुरुज ने पूरी तरह नियंत्रण संभाल लिया। कंडोला और साहिल ने अहम रेड अंक जोड़े जबकि डिफेंस में संदीप धुल ने हाई-5 लगाकर फरीदाबाद के आक्रमण को पूरी तरह निष्प्रभावी कर दिया।
एक और ऑलआउट के साथ बढ़त 33-17 हो गई। अंतत: गुरुग्राम ने दबदबा कायम रखते हुए मुकाबला 39-24 से अपने नाम कर लिया। मुकाबले में रेडर ऑफ द मैच गुरुग्राम के मंदीप कुमार व डिफेंडर ऑफ द मैच गुरुग्राम के ही संदीप रहे। रवि कुमार दहिया और सुनील पहलवान ने कबड्डी चैंपियंस लीग को भारतीय कबड्डी के भविष्य के लिए अहम कदम बताया।
फोटो : सोनीपत के राई स्थित हरियाणा खेल विवि में केसीएल में भिड़ते खिलाड़ी। स्रोत: प्रवक्ता