फोटो 17. सोनीपत में ककरोई रोड किनारे भट्ठियाें को ध्वस्त करता बुलडोजर। स्रोत: नगर निगम
ग्रेडेड रिस्पॉन्स एक्शन प्लान (ग्रैप)-4 लागू होने के बावजूद लोग नियमों की धज्जियां उड़ा रहे हैं। नगर निगम ने सड़क किनारे झोपड़ी डालकर भट्ठियों में पकाकर मूंगफली बेच रहे लोगों पर कार्रवाई की गई। मुख्य सफाई निरीक्षक सतपाल सैनी के नेतृत्व में मंगलवार को महलाना रोड व ककरोई रोड पर बुलडोजर चलाकर पांच झोपड़ी गिराई गईं, साथ ही भटि्ठयाें को ध्वस्त किया गया। तंदूर में खाना बना रहे संचालक समेत छह लोगों पर पांच-पांच हजार रुपये का जुर्माना किया गया।
शहरी क्षेत्र में कहीं भी झोपड़ीनुमा दुकान खड़ा कर देना आम बात हो गई है। फुटपाथ पर जगह-जगह अतिक्रमण कर दुकानदार शहर की सूरत बदरंग करने के साथ ट्रैफिक व्यवस्था को भी प्रभावित कर रहे हैं। ऐसे में ग्रैप-4 लागू होने के बाद से नगर निगम के अधिकारी सतर्क हो गए हैं। मंगलवार को मुख्य सफाई निरीक्षक सतपाल सैनी टीम के साथ महलाना रोड और ककरोई रोड पर पहुंचे। दोनों मार्गों के फुटपाथ पर दुकान लगाकर बैठे दुकानदारों पर कार्रवाई की। ये दुकानदार पाबंदी के बावजूद भट्ठियाें में मूंगफली पकाकर बेच रहे थे। नगर निगम की टीम ने पांच झोपड़ी तोड़ी और वहां पर भटि्ठयाें को ध्वस्त कराया, साथ ही तंदूर में खाना बना रहे संचालक समेत छह लोगों पर पांच-पांच हजार रुपये का जुर्माना किया गया।
ग्रैप-4 के नियमों का पालन करने के लिए कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी। मंगलवार को महलाना व ककरोई रोड किनारे भट्ठियों में मूंगफली पकाकर बेची जा रही थी। ऐसे में बुलडोजर से भट्ठियाें को ध्वस्त किया गया और झोपड़ियां तोड़कर 30 हजार के जुर्माने किए गए।
- सतपाल सैनी, मुख्य सफाई निरीक्षक, नगर निगम।
फोटो 17. सोनीपत में ककरोई रोड किनारे भट्ठियाें को ध्वस्त करता बुलडोजर। स्रोत: नगर निगम