सोनीपत। हरियाणा व्यापार मंडल के प्रांतीय अध्यक्ष बजरंग गर्ग ने कहा कि सरकार पहले कंट्रोल रेट पर सब्जी, फल व अनाज मंडी के आढ़तियों को दुकानों के प्लाॅट अलॉट करती थी। मार्केट बोर्ड के लाइसेंसधारी आढ़ती को दुकानें मिलती थी। दुकान के प्लॉट अलॉट होने के बाद बाकी बची दुकानों को खुली बोली लगाकर बेचा जाता था। अब सरकार ने सब्जी व अनाज मंडी के प्लाॅटों के दाम अनाप-शनाप कर दिए, इसे व्यापारी जल्द नहीं खरीद सकता।
बजरंग गर्ग बुधवार को एटलस रोड स्थित निजी रेस्तरां में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि जब तक नई सब्जी व अनाज मंडी पूरी तरह आबाद न हो जाए, तब तक पुरानी मंडियों को चालू रखा जाए। गर्ग ने कहा कि सभी व्यापारियों पर विभिन्न सरकारी विभागों का कंट्रोल है। ऐसे में मुख्यमंत्री उड़नदस्ता का व्यापारियों के यहां छापा डाल कर कार्रवाई करना उचित नहीं है। अगर कार्रवाई होती है तो अन्य सरकारी विभागों की जरूरत नहीं है। हरियाणा में व्यापार व उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए व्यापारी वर्ग जो टैक्स जमा करवाता है, उसका पांच प्रतिशत कमीशन व्यापारियों को देकर उनका प्रोत्साहन बढ़ाया जाए।
11 अगस्त को होगा राज्य स्तरीय व्यापारी प्रतिनिधि सम्मेलन
बजरंग गर्ग ने कहा कि यदि किसी भी भ्रष्ट अधिकारी ने पैसों के चक्कर में व्यापारी व उद्योगपतियों को तंग किया तो उन्हें बख्शा नहीं जाएगा। व्यापार मंडल उस अधिकारी के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए सड़कों पर उतरकर आंदोलन करेगा। उन्होंने बताया कि पानीपत में 11 अगस्त को व्यापारियों के राज्य स्तरीय प्रतिनिधि सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान व्यापार मंडल सोनीपत जिला प्रधान संजय सिंगला, प्रदेश उप प्रधान धर्मवीर मलिक, अनाज मंडी के जिला प्रधान पवन गोयल, महामंत्री नरेंद्र धवन, युवा प्रधान हिमांशु कुकरेजा, संरक्षक यशपाल, ललित खत्री व पवन तनेजा मौजूद रहे।