गोहाना । गोहाना शहर थाना के एसएचओ अरुण कुमार व एएसआई संदीप को निलंबित कर दिया गया है। मामला पिछले महीने वीटा के नाम पर सप्लाई किए जा रहे 450 लीटर नकली घी की बरामदगी का है। बताया जा रहा है यह कार्रवाई वीटा मार्का के नकली देसी घी की बरामदगी से जुड़े मामले में निष्पक्ष और उचित कार्रवाई न करने तथा भ्रष्टाचार की शिकायत मिलने पर की गई है।
10 दिसंबर 2025 को शहर थाना गोहाना की पुलिस ने खंदराई मोड़ के निकट से जींद की गुरुद्वारा कॉलोनी के सुनील कुमार और राजेंद्र नगर निवासी फैक्टरी मालिक नंदकिशोर को नकली देसी घी के साथ गिरफ्तार किया था।
वह अर्टिगा गाड़ी में जींद से घी लेकर आ रहे थे। पुलिस ने जींद स्थित वीटा मिल्क प्लांट के गुणवत्ता नियंत्रक सहायक प्रबंधक को बुलाकर कार्रवाई की थी। कार से वीटा मार्का का 450 लीटर देसी घी बरामद किया गया था। घी को पैकेटों में भरकर वीटा का मार्का लगाया गया था जो जांच में नकली मिला था।
इस मामले में जांच के दौरान पुलिस ने एक दिन पहले आनंद को गिरफ्तार किया था। अधिकारियों को शिकायत मिली कि शहर थाना के एचएचओ अरुण और एएसआई संदीप निष्पक्ष एवं उचित कार्रवाई नहीं कर रहे हैं। तीन दिन पहले दोनों को लाइन हाजिर कर दिया था। अब उनको निलंबित करके जांच के आदेश दिए गए हैं।