सोनीपत। सेक्टर-35 स्थित एक्सप्रेस प्रोजेक्ट प्राइवेट लिमिटेड के महाप्रबंधक ने पुलिस उपायुक्त को शिकायत देकर कंपनी की जमीन पर कब्जा करने की कोशिश व धमकी देने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
बिल्डर कंपनी के जीएम संजय जैन ने पुलिस को बताया कि उनकी कंपनी हरियाणा सरकार की अनुमति से सोनीपत के सेक्टर-35 में एक्सप्रेस सिटी और एक्सप्रेस एन्क्लेव नाम से आवासीय कॉलोनी बना रही है। गांव राठधाना का बिल्डर उनकी जमीन पर कब्जा करना चाहता है। वह और उसके साथी आकर कर्मचारियों को धमका चुके हैं। 17 मार्च को आरोपी और उसके साथियों ने बिल्डर कंपनी के सेल्स और एडमिन ऑफिस में आकर कर्मियों को काम पर नहीं आने की धमकी दी। 18 मार्च को चारदीवारी गिरा दी। कुछ जमीन पर जबरन कब्जा भी कर लिया। उन्होंने पुलिस को सूचना दी। वह ऑफिस से निकले तो उनकी गाड़ी का पीछा किया गया। बारोटा चौकी के पास केएमपी पुल के नीचे उनकी गाड़ी रोककर जान से मारने की धमकी दी गई। बाद में 19 मार्च को पुलिस ने घटनास्थल की वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी की। अब पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। पीडि़त का आरोप है कि 200 से ज्यादा रेजिडेंट की शांति व सुरक्षा को खतरा पैदा हो गया है।