सोनीपत। राठधना रोड स्थित निजी विवि में प्राध्यापक की संदिग्ध गतिविधि के मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। महिला आयोग की प्रदेश अध्यक्ष रेनू भाटिया की शिकायत पर विवि की महिला प्रोफेसर पर राई थाना में मुकदमा दर्ज किया गया है।
प्राध्यापिका पर छात्राओं के मानसिक उत्पीड़न का आरोप लगा था। महिला आयोग की अध्यक्ष रेनू भाटिया ने विवि में विवादित लेक्चर देने वाले प्रोफेसर व छात्राओं को डेटिंग एप चलाने की सलाह देने पर महिला प्रोफेसर के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने को कहा था। उन्होंने प्रदेश के पुलिस महानिदेशक व सोनीपत के पुलिस आयुक्त को पत्र लिखे थे। जिसमें लिखा गया था कि 7 नवंबर को आयोग की अध्यक्ष रेनू भाटिया ने राठधना रोड स्थित एक विश्वविद्यालय का दौरा किया था। पुलिस आयुक्त को लिखे पत्र में विवि में लगाई गई एक अन्य कक्षा का हवाला दिया गया है जिसमें महिला प्रोफेसर ने छात्राओं को एक डेटिंग एप डाउनलोड करने की सलाह देने की बात कही थी। साथ ही छात्राओं को मानसिक रूप से प्रताडि़त भी किया गया था। आयोग ने मामले को बेहद संवेदनशील बताते हुए मामले में पुलिस को कड़ी कार्रवाई के लिए लिखा था। अब पुलिस आयुक्त बी. सतीश बालन के आदेश पर राई थाना पुलिस ने महिला प्रोफेसर के खिलाफ भादंसं की धारा 509 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। राई थाना प्रभारी महेंद्र सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया है।