सोनीपत। सहायक शिक्षा अधिकारी खेल (एईओ स्पोर्ट्स) जगबीर मलिक ने कहा कि सरकारी स्कूलों की छात्राओं को भी बेहतर खेल सुविधाएं मुहैया करवाई जाएंगी। एईओ का मुरथल अड्डा स्थित राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में स्वागत किया गया।
प्राचार्य सुमन बाला व स्टाफ सदस्यों ने बुके व फूलमालाओं से एईओ का स्वागत किया। इस दौरान एईओ जगबीर मलिक ने कहा कि निदेशालय की ओर से राजकीय विद्यालयों में खिलाड़ियों को बेहतर खेल उपकरण व मैदान उपलब्ध कराने के प्रयास किए गए हैं। नए सत्र में स्कूली खेलों का आयोजन भी प्रभावी तरीके से किया जाएगा। इसके स्कूली खेल प्रतिभाएं राष्ट्रीय व प्रदेश स्तर पर जिले का नाम रोशन कर सकें।
कहा कि लड़कियों के स्कूल के मुख्य द्वार से सटे सार्वजनिक शौचालय का होना निराशाजनक है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि नगर निगम आयुक्त से बातचीत कर जल्द ही स्कूल के बाहर बने सार्वजनिक शौचालय को दूसरी जगह शिफ्ट करवाया जाएगा। स्कूल के गेट पर अवैध रूप से रिक्शा व ऑटो स्टैंड बन गया है, जिसे हटाने के लिए भी संबंधित अधिकारियों से बातचीत करेंगे। पुलिस प्रशासन से अनुरोध करेंगे कि स्कूल की छुट्टी से समय छात्राओं की सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस गश्त की विशेष व्यवस्था की जाए। इस मौके पर शशि मेहता, ऋतुराज, प्रवीण, विनय, पूनम राठी, सुनील सहित स्टाफ सदस्य मौजूद रहे।