फोटो-51: दिल्ली हाट में सर्वे में भाग लेने वाली वैश्य आर्य कन्या महाविद्यालय की छात्राएं। स्रोत
बहादुरगढ़। वैश्य आर्य कन्या महाविद्यालय की छात्राओं ने दिल्ली हाट में आपदा जागरूकता और प्रबंधन विषय पर क्षेत्रीय सर्वेक्षण किया। यह सर्वेक्षण महाविद्यालय के भूगोल विभाग की एमए फाइनल ईयर की छात्राओं ने किया।
महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. राजवंती शर्मा ने बताया कि भूगोल विभाग की छात्राओं ने असिस्टेंट प्रोफेसर ज्योति शर्मा के मार्गदर्शन में दिल्ली हाट पहुंचकर वहां मौजूद पर्यटकों और अन्य लोगों से आपदा प्रबंधन के विषय पर बातचीत की।
उन्होंने बताया कि दिल्ली हाट में विभिन्न देशों से आए पर्यटकों के साथ आपदा प्रबंधन के उपायों, बचाव और जागरूकता से जुड़े मुद्दों पर चर्चा कर महत्वपूर्ण आंकड़े एकत्र किए गए। इस सर्वेक्षण के माध्यम से जहां विदेशों में अपनाए जाने वाले आपदा प्रबंधन के उपायों की जानकारी मिलेगी, वहीं यह अध्ययन भविष्य में बेहतर प्रबंधन व्यवस्था को भी बढ़ावा देगा।
छात्राओं ने सर्वेक्षण शुरू करने से पहले दिल्ली हाट के कमांडिंग ऑफिसर से संपर्क कर कार्यक्रम की रूपरेखा साझा की। इसके बाद उन्होंने करीब 100 लोगों से सीधे संवाद कर जानकारी जुटाई। सर्वे में दिल्ली के स्थानीय निवासियों के साथ विभिन्न राज्यों से आए पर्यटक और विदेशी नागरिक भी शामिल रहे, जिससे आंकड़ों में विविधता देखने को मिली।