खानपुर कलां में स्कूल जा रहे भाई के साथ बुधवार सुबह स्कूल बस तक आई 4 वर्षीय बच्ची को एक स्कूल बस ने कुचल दिया। बस के नीचे आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का जायजा लिया और बच्ची के शव को गोहाना के सरकारी अस्पताल में पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया।
गांव खानपुर कलां निवासी जय भगवान का 8 वर्षीय बेटा अंश खानपुर रोड पर स्थित लिटिल एंजल स्कूल में पढ़ता है। बुधवार सुबह अंश को उसकी मां कमलेश घर से स्कूल बस में बैठाने के लिए आई थी। मां के साथ अंश की 4 वर्षीय बहन अंशिका भी बस तक आ गई। अंश बस में चढ़कर स्कूल चला गया, जबकि कमलेश और अंशिका वहीं रह गई। कुछ देर बाद अंशिका घर वापस जाने के लिए मां का हाथ छुड़ाकर सड़क पार करने लगी कि इसी दौरान शेर सिंह पब्लिक स्कूल की बस ने पीछे से अंशिका को टक्कर मार दी। बस ने उसे बुरी तरह से कुचल दिया। बालिका की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
=========
बालिका को दूर तक घसीटा
अंशिका हादसे के समय बस में फंस गई। बस स्पीड में थी और चालक बालिका को कई मीटर तक घसीटते हुए ले गया। चालक ने बस नहीं रोकी। कुछ दूर जाने पर बालिका को कुचलते हुए बस निकल गई। कुछ देर बाद मां कमलेश और कुछ ग्रामीण जब मौके पर पहुंचे तब तक अंशिका की मौत हो चुकी थी। परिजनों ने हादसे की सूचना पुलिस को दी। सूचना पर थाना सदर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लेकर बच्ची के शव को कब्जे में लेकर गोहाना के सरकारी अस्पताल में पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। पिता ने आरोप लगाया कि बस चालक पूरी तरह से बस को स्पीड में लिए हुए था। जिससे बच्ची कई मीटर तक बस के नीचे फंसकर घिसटते हुए चली गई।
===========
स्कूल से किया चालक को काबू
हादसे के समय शेर सिंह पब्लिक स्कूल की बस में बालक सवार थे। चालक बस को लेकर सीधा स्कूल पहुंचा। इस बीच पुलिस भी कुछ देर बाद स्कूल पहुंची और स्कूल बस को कब्जे में लेकर उसके चालक सुभाष निवासी कासंडी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बस को भी कब्जे में ले लिया। बाद में पुलिस ने आरोपी चालक को कोर्ट में पेश किया। सुनवाई के बाद उसे कोर्ट ने जमानत पर रिहा कर दिया।
=============
थाना सदर गोहाना प्रभारी कुलदीप देशवाल ने बताया कि बच्ची के पिता जयभगवान के बयान पर शेर सिंह पब्लिक स्कूल की बस के ड्राइवर सुभाष के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे काबू कर लिया गया। बाद में कोर्ट ने उसे जमानत पर रिहा कर दिया।