हिंदू विद्यापीठ वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में आयोजित गीता जयंती महोत्सव के अंतिम दिन सुबह के समय नगर पालकी एवं शोभायात्रा का आयोजन किया गया। सेक्टर-15 स्थित जागृति मंदिर से शोभायात्रा का शुभारंभ महिला एवं बाल विकास मंत्री कविता जैन ने श्रीमद्भागवत गीता का पूजन करके किया। उन्होंने विधिवत गीता की अर्चना कर शोभायात्रा को रवाना किया। शोभायात्रा में विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संस्थाओं के साथ स्कूली विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर शिरकत की। कार्यक्रम का समापन सोमवार देर शाम सम्मान एवं पुरस्कार वितरण समारोह के साथ किया गया। समारोह में भी मुख्यातिथि केबिनेट मंत्री कविता जैन रही।
कुछ ऐसे चली शोभयात्रा
शोभायात्रा की अगुवाई बैंडबाजों से हो रही थी तो पीछे-पीछे स्कूली विद्यार्थियों की एनसीसी इकाई, एनएसएस इकाई तथा स्काउट इकाइयों के सैकड़ों छात्र गीता का गुणगान करते चल रहे थे। शोभायात्रा में संस्कृत श्लोक उच्चारण करते हुए 51-51 विद्यार्थियों का दल भी खासा आकर्षण बना रहा। शोभायात्रा में भगवान श्रीगणेश तथा राधाकृष्ण की झांकियां भी श्रद्धा का केंद्र बनी रही। सेक्टर-15 से होकर सेक्टर-14 में प्रवेश करने के उपरांत शोभायात्रा सेक्टर-14 की मार्केट के सामने से होते हुए गांधी चौक पर पहुंची। यहां से बस अड्डे के सामने से होकर यात्रा गीता भवन से गुजरी और फ्लाईओवर से होते गुड़ मंडी में प्रवेश किया। फिर यात्रा गंतव्य हिंदू विद्यापीठ में पहुंची, जहां पर अतिरिक्त उपायुक्त शिवप्रसाद शर्मा ने स्वागत किया। यहां विधिपूर्वक गीता को सिर पर उठाकर आयोजन स्थल में मंच पर सुशोभित किया गया।
ये रहे मौजूद
उपायुक्त राजीव रतन, अतिरिक्त उपायुक्त शिव प्रसाद शर्मा, पुलिस अधीक्षक अभिषेक गर्ग, नगर निगम के कार्यकारी अधिकारी रोहतास बिश्नोई, एक्सईएन ठाकुर लाल शर्मा, डॉ. ज्योति जुनेजा, प्राचार्य राजेंद्र, मुख्याध्यापक अतर सिंह, डा. रजनी खोखर, हरजीत सिंह, भाजपा नेता आजाद सिंह नेहरा, रविंद्र दिलावर, जनसेवा जागृति मंच के प्रधान मोहन सिंह मनोचा, रवि ग्रोवर, राम मनचंदा आदि मौजूद रहे।
नागरिकों को देना चाहिए अपना योगदान
कार्यक्रम के दौरान शहरी स्थानीय निकाय, महिला एवं बाल विकास, सामाजिक एवं न्याय अधिकारिता मंत्री कविता जैन ने कहा है कि गीता भारतीय संस्कृति की धरोहर और मूल सार है, जो ज्ञान, धर्म और कर्म को प्रतिपादित करती है। उन्होंने कहा कि गीता ज्ञान को धारण करने के लिए नागरिकों को अपना योगदान देना चाहिए, तभी भारत एक बार फिर से विश्व में ज्ञान गुरू की उपाधि धारण करेगा। उन्होंने कहा कि महर्षि वेदव्यास ने भगवान श्रीकृष्ण की ज्ञान-गंगा को 18 अध्यायों तथा 700 श्लोकों में संकलित करके मानव जाति के कल्याण का मार्ग दिखाया है। विश्व के अनेक विद्वानों ने इस महाग्रंथ को सांसारिक जीवन का सर्वश्रेष्ठ ग्रंथ बताया है। उन्होंने कहा कि गीता हर समुदाय को हर परिस्थिति में समाधान की राह दिखाती है।
स्कूली छात्राओं की प्रस्तुतियों से महोत्सव में लगे चार चांद
गीता जयंती महोत्सव में स्कूली छात्राओं ने अपनी दमदार सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से चार चांद लगाये। राजकीय विद्यालयों की छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियों में प्रमुख रूप से भागीदारी की। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय गन्नौर, माहरा, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मुरथल अड्डा, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सिसाना की छात्राओं ने अपनी-अपनी प्रस्तुति दी।
महिला का मोबाइल हुआ चोरी
गीता जयंती महोत्सव के दौरान सोमवार को एक महिला का मोबाइल चोरी हो गया। महिला का नाम संतोष हुड्डा है जोकि सिग्नस जेके हिंदू अस्पताल में कार्यरत है। बताया गया कि वह शोभायात्रा को देखने के लिए आयोजन स्थल पर पहुंची थी। इसी दौरान एक युवक ने उसकी जेब में से मोबाइल चोरी कर लिया। जैसे ही चोरी का पता चला तो संतोष ने अपने जानकारों को बताया। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई। दूसरी ओर मोबाइल चोरी की घटना सामने आने के बाद कार्यक्रम में मौजूद अन्य लोग भी सतर्क हो गए।