फोटो :15: सोनीपत के खरखौदा के पास पकड़ी मांस से लदी गाड़ी। संवाद
खरखौदा। राष्ट्रीय राजमार्ग-334 बी पर शुक्रवार को गो रक्षा दल के सदस्यों ने एक संदिग्ध वाहन को रोककर उसमें मांस भरे होने का दावा किया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर गाड़ी कब्जे में कर ली। गाड़ी में मांस किस जानवर का है प्रयोगशाला में जांच के बाद इसी पुष्टि होगी।
गो रक्षा दल के सदस्य गांव रोहणा निवासी कर्मजीत निवासी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि कैंटर में एक युवक मांस भरकर खरखौदा की ओर आ रहा है। सूचना के आधार पर उन्होंने अपने साथियों के साथ एनएच-334बी पर निगरानी रखी और जैसे ही गाड़ी आती दिखी, उसे रोका गया।
गाड़ी की तलाशी लेने पर उसमें मांस भरा पाया गया। गाड़ी चला रहा युवक अब्दुल समद कुरैशी निवासी शाहबाद गेट, रामपुर (उत्तर प्रदेश) मौके पर मौजूद था। गो रक्षा दल के सदस्यों ने चालक और वाहन को तुरंत पुलिस के हवाले कर दिया। हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं है कि बरामद किया गया मांस गो मांस है या किसी अन्य पशु का।
पुलिस ने गाड़ी को कब्जे में लेकर मांस के नमूना जांच के लिए प्रयोगशाला में भेज दिए हैं। थाना खरखौदा पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही यह तय होगा कि मामला गो हत्या से संबंधित है या नहीं। पुलिस ने चालक से पूछताछ की जा रही है।