एक निजी गैस कंपनी के खिलाफ एक व्यक्ति ने लाखों रुपये की धोखाधड़ी करने की शिकायत दी है। शिकायत के आधार पुलिस ने कुल 10 लोगों को नामजद करते हुए मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। समाचार लिखे जाने तक इस मामले में कुछ खास कार्रवाई नहीं हो पाई।
जानकारी के अनुसार गांव गुमाणा निवासी प्रवीन ने पुलिस को शिकायत दी है। शिकायत में उसने बताया कि वर्ष 2012 में उसने एक विज्ञापन देखकर प्राची गैस बॉटलिंग प्राइवेट लिमिटेड, ईस्ट पटेल नगर, दिल्ली से गैस की एजेंसी ली थी। एजेंसी की एवज में उसने कंपनी के पास 81 लाख 8 हजार 750 रुपये दिए थे।
आरोप है कि कंपनी ने पैसे तो ले लिये, लेकिन उसे गैस सप्लाई नहीं की। इसी कारण उसका लाखों रुपये का नुकसान हो गया। प्रवीण ने आरोप लगाया कि इस मामले में वह कंपनी के उच्चाधिकारियों से भी कई बार मुलाकात कर चुका है, लेकिन हर बार उसे आश्वासन दे दिया जाता है। प्रवीण की शिकायत के आधार पर पुलिस ने प्राची गैस बॉटलिंग प्राइवेट लिमिटेड के 10 लोगों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। इनमें कंपनी के निदेशक राकेश वर्मा, पवन वर्मा, विजय वर्मा, दिलीप वर्मा, रमेश पांडे, कर्मचारी अजय तिवारी, अजीत सिंह, रूप नारायण साह, दीपक चौधरी और मैनेजर राधिका उर्फ पायल शामिल हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। बुटाना चौकी प्रभारी ईश्वर सिंह ने बताया कि जांच शुरू की है, जांच के उपरांत ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।