बस स्टैंड के पास कार सवार तीन युवकों ने दिल्ली की महिला का अपहरण कर लिया। बाद में बड़ी औद्योगिक एरिया की एक फैक्टरी में ले जाकर कथित तौर पर सामूहिक दुष्कर्म भी किया। पुलिस ने पीड़ित महिला के बयान पर आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
दिल्ली निवासी महिला ने पुलिस को शिकायत दी है कि तीन नवंबर को वह खरीदारी के लिए पानीपत गई थी। देर शाम पानीपत से खरीदारी कर जीप में अपने घर के लिए चली, लेकिन रास्ते में गन्नौर पहुंचने पर सभी सवारी जीप से उतर गई। चालक ने आगे जाने से मना कर दिया। उसे भी वहीं उतरना पड़ा।
जब वह गन्नौर बस स्टैंड पर जा रही थी तो रास्ते में कार सवार तीन युवक आए और उन्होंने लिफ्ट का झांसा देकर बातों में लगा लिया। इसके बाद अचानक उसे गाड़ी में बैठा लिया और बड़ी औद्योगिक क्षेत्र स्थित एक फैक्टरी में ले गए। वहां आरोपियों ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। साथ में जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। घटना से वह सहम गई और सीधे दिल्ली अपने घर चली गई।
दिल्ली में इलाज करवाने के बाद अब महिला गन्नौर वापस लौटी और आरोपियों के खिलाफ गन्नौर थाना में शिकायत दी। महिला ने आरोपियों की कार का नंबर भी पुलिस को दिया है। पुलिस ने महिला के अपहरण व सामूहिक दुष्कर्म का मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।