सोनीपत। सोशल मीडिया पर टास्क पूरा करने का झांसा देकर लोगों से निवेश के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह का साइबर थाना पुलिस ने भंडाफोड़ कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। तीनों को सोनीपत की महिला को ऑनलाइन कमाई का झांसा देकर 10.51 लाख ठगने के मामले में गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपियों की शिनाख्त परेड कराई जाएगी। इसके बाद पुलिस उनकी पहचान उजागर करेगी। पुलिस का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ देशभर में विभिन्न राज्यों में 203 शिकायत बताई जा रही है। इसमें वह नौ मामलों में नामजद रहे हैं। राठधना रोड स्थित शिक्षण संस्थान निवासी लीला माधवी ने 16 फरवरी को साइबर थाना पुलिस को बताया था कि उन्हें सोशल मीडिया पर पार्ट टाइम जॉब का एक विज्ञापन दिखाई दिया था। वह उसके साथ जुड़ गई थी। अलग-अलग समय में दूसरी तरफ से टास्क पूरा करने को कहा गया था। पहले उन्हें 15 दिन तक छोटे निवेश कराए गए थे जिससे कुछ रुपये मिले थे। उसके बाद उन्हें बड़ी रकम लगाकर मोटी कमाई का झांसा दिया जाने लगा था। उनको क्रेडिट स्कोर 100 अंक तक पहुंचाने को कहा था। इसके लिए उनसे 11 फरवरी को 30 हजार रुपये, फिर 1.20 लाख रुपये उनसे खाते में डलवाए गए थे। इसके बाद उन्होंने 3.68 लाख रुपये और जमा करा दिए थे। 12 फरवरी को एक बार में पांच लाख रुपये और दूसरी बार में फिर से 28 हजार रुपये जमा करा लिए गए थे। उनसे 10.51 लाख रुपये ठग लिए गए थे। जब उन्हें ठगी का पता लगा था तो पुलिस को अवगत कराया था। साइबर थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया था। अब साइबर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर बसंत की टीम ने कार्रवाई करते हुए मामले में तीन आरोपियों को उत्तर प्रदेश के झांसी और दिल्ली से गिरफ्तार किया है।
मोबाइल, सिम व नकदी बरामद
मामले में गिरफ्तार आरोपियों से पुलिस टीम ने मोबाइल, चार सिम कार्ड और 50,000 रुपये बरामद किए हैं। पुलिस टीम उनसे पूछताछ कर रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की शिनाख्त परेड कराने के बाद उनकी पहचान उजागर की जाएगी।
आरोपियों से जुड़ी 203 शिकायत मिली
पुलिस का कहना है कि जांच में आरोपियों से जुड़ी 203 शिकायत अलग-अलग राज्यों से मिली हैं। इसमें उत्तर प्रदेश में सबसे अधिक 41, राजस्थान में 22, गुजरात में 18, महाराष्ट्र में 17, दिल्ली, तेलंगाना व तमिलनाडु में 13-13, कर्नाटक में 12, बिहार में 10, हरियाणा व वेस्ट बंगाल में 8-8 सहित अन्य राज्यों में 1 से लेकर चार तक शिकायत है।
वर्जन
गिरफ्तार किए गए साइबर ठगी के तीन आरोपियों से पूछताछ कर पूरे गिरोह को काबू किया जाएगा। साइबर अपराधी लिंक भेजकर क्लिक कराते हैं। इसके बाद लोगों को शेयर मार्केट में निवेश करने या अन्य टास्क को पूरा करने के नाम पर मोटी कमाई का लालच दिया जाता है। इस प्रकार के किसी भी लालच में ना आएं और बिना विशेषज्ञ से सुझाव लिए कहीं भी अपनी गाढ़ी कमाई को ना लगाए। साइबर अपराध से पीड़ित हो जाते हैं तो तुरंत 1930 नंबर डायल करें।-गौरव राजपुरोहित, डीसीपी ईस्ट सोनीपत।