गन्नौर। खेल स्टेडियम में जिलास्तरीय जूनियर कबड्डी टूर्नामेंट का आयोजन किया गया था। इसमें जिले से पुरुष वर्ग में 12 व महिला वर्ग में 6 टीमों ने हिस्सा लिया था। प्रतियोगिता में गन्नौर स्टेडियम की टीम ने सोनीपत खोखर कबड्डी अकादमी की टीम को 25-22 अंकों से पराजित किया। वहीं, लड़कियों में घड़वाल की टीम ने खानपुर की टीम को 18-15 अंकों से पराजित कर ट्राफी पर कब्जा जमाया। प्रतियोगिता में मुख्यातिथि के तौर पर देवा सोशल वेलफेयर सोसायटी के संस्थापक एवं सामाजिक कार्यकर्ता देवेंद्र कादियान शामिल हुए।
देवेंद्र कादियान ने विजेता टीम व खिलाड़ियों को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि हम खेल के माध्यम से बेहतर भविष्य का निर्माण कर सकते हैं। जिला एमेच्योर कबड्डी एसोसिएशन के चेयरमैन बलबीर सिंह पहल व महासचिव कुलदीप सिंह ने मुख्यातिथि देवेंद्र कादियान को स्मृति चिह्न भेंट किया। उन्होंने बताया कि चयनित खिलाड़ी 4 व 5 मई को कैथल के ग्योंग में होने वाली राज्यस्तरीय स्पर्धा में भाग लेंगे। इस अवसर पर प्रशिक्षक सुरेंद्र दूहन, परमिंदर शर्मा, जिला पार्षद कविता शर्मा, सुनील पहल, अजय ठेकेदार व अर्जुन अवार्डी संदीप नरवाल मौजूद रहे।