सोनीपत। देवउठनी एकादशी पर विवाह का सीजन शुरू होने के बाद फर्नीचर बाजार भी चमकने लगा है। विवाह सीजन को लेकर फर्नीचर बाजार में रोजमर्रा की अपेक्षा 40 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। लोग मॉडर्न मेटल, एसएस स्टील, मार्बल से बने फर्नीचर के साथ वुडन सोफा सेट, डबल बेड, डाइनिंग टेबल, ड्रेसिंग टेबल, कॉर्नर, थ्री-डोर अलमारी की ज्यादा मांग कर रहे हैं।
दिल्ली रोड, बहालगढ़ रोड व गीता भवन रोड स्थित फर्नीचर शोरूम पर ग्राहक अपनी मनपसंद का फर्नीचर पसंद करने पहुंच रहे हैं। फर्नीचर बाजार में ग्राहकों के साथ एडवांस बुकिंग व खरीद भी बढ़ गई है। दिल्ली रोड स्थित एक फर्नीचर शोरूम के संचालक प्रवेश कुमार, अखिलेश ने बताया कि विवाह सीजन के चलते फर्नीचर बाजार ने तेजी पकड़ी है। महंगाई के दौर में भी हजारों-लाखों रुपये का फर्नीचर पसंद कर रहे हैं।
इन दिनों मॉडर्न के साथ वुडन में आकर्षक डिजाइन के फर्नीचर की मांग ज्यादा है। मॉडर्न मेटल, एसएस स्टील, मार्बल से बने सेंटर व डाइनिंग टेबल, सोफा सेट, छोटे टेबल-चेयर सेट, वुडन में बेड, सोफा सेट, डाइनिंग टेबल, डेसिंग, कॉर्नर की ज्यादा मांग है। डबल बेड में पीछे फेब्रिक कुशनिंग स्टाइल की ज्यादा डिमांड है।
शोरूमों पर डबल बेड 12 से 65 हजार रुपये, सोफा सेट 14 हजार से 1.25 लाख, ड्रेसिंग टेबल 6500 से 18 हजार, कॉर्नर 5 से 18 हजार, डाइनिंग टेबल सेट 15 से 35 हजार रुपये तक उपलब्ध है। फिलहाल शोरूम पर 28 बुकिंग एडवांस की गई हैं।
सेफ लॉक वाली थ्री-डोर अलमारी की बढ़ी मांग
बहालगढ़ रोड स्थित अलमारी शोरूम संचालक संजय कुमार ने बताया कि विवाह सीजन को लेकर शोरूम संचालकाें की तैयारी पूरी है। ग्राहक शादियों को लेकर अलमारी पसंद कर एडवांस बुकिंग करवा रहे हैं। फर्नीचर के साथ मैचिंग की अलमारी की ज्यादा मांग है। ग्राहक अपने डिजाइन पसंद कर फर्नीचर के साथ मैचिंग की अलमारी बनवाने की मांग कर रहे हैं। फिलहाल 22 थ्री-डोर व 18 टू-डोर अलमारी की एडवांस बुकिंग की गई है। इन दिनों थ्री-डोर अलमारी की भी ज्यादा मांग है। अलमारी के अंदर ही सेफ लॉक के साथ तिजोरी भी बनाई गई है। शोरूम पर अलमारी 13 हजार से 85 हजार रुपये तक उपलब्ध है।