गांव बुटाना में काम-धंधा करने को रुपये मांगने के बाद हुई कहासुनी में एक युवक ने अपने फूफा की तेजधार हथियार (गंडासा) से हमला कर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देकर आरोपी मौके से फरार हो गया। जब खेत मालिक वहां पहुंचा तो वारदात का पता लगा। इस पर पुलिस को अवगत कराया गया। गांव बुटाना निवासी रोहताश (59) ने गंगाना-बुटाना मार्ग पर ग्रामीण राजेश की एक एकड़ जमीन पांच साल के पट्टे पर ले रखी थी। उसने दो साल पहले जमीन को पट्टे पर लेकर फलों का बाग लगाया था। 5 दिन पहले रोहताश के साले का लड़का गांव जुआं निवासी राकेश अपनी बुआ विमला के घर आकर रहने लगा। राकेश बुटाना में ही मजदूरी करने लगा। बुधवार को रोहताश शाम के समय राकेश को मजदूरी के पैसे दिलवाकर लाया था। उसके बाद दोनों बाग में चले गए। वहां पर उसकी बुआ विमला भी थी। इस दौरान राकेश ने अपनी बुआ व फूफा से कुछ काम धंधा करने के लिए रुपये देने की मांग की थी। दोनों ने उससे रुपये नहीं होने की बात कही। कुछ देर बाद विमला घर आ गई। देर शाम जब खेत मालिक राजेश वहां पहुंचा तो कमरे का दरवाजा बाहर से बंद मिला। उन्होंने दरवाजा खोला तो अंदर रोहताश खून से लथपथ पड़ा था। उसकी गर्दन पर गंडासी से वार कर बेरहमी से हत्या की गई थी। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। परिजनों ने पुलिस को बताया कि रुपये नहीं देने के चलते राकेश की रोहताश से कहासुनी हुई, जिसमें उसने अपने फूफा की हत्या कर दी। पुलिस ने रोहताश के बेटे प्रदीप के बयान पर राकेश के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।
राकेश ने अपनी बुआ व फूफा से रुपये की मांग की थी। उन्होंने रुपये देने से मना कर दिया। बाद में उसकी बुआ के घर लौटने के बाद उसने अपने फूफा से झगड़ा कर उसकी हत्या कर ली। मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
-सतीश कुमार, चौकी प्रभारी, बुटाना।