सोनीपत। साइबर ठगों ने अलग-अलग तरीके से बैंक प्रबंधक, एएसआई समेत पांच लोगों से ठगी कर ली। पुलिस ने पीड़ितों के बयान पर मुकदमे दर्ज किए हैं।
गांव ताजपुर तिहाड़ा निवासी संजय ने बताया कि वह दिल्ली पुलिस में एएसआई है और रोहिणी कोर्ट सुरक्षा में तैनात हैं। उनके पास 13 जनवरी को कॉल आई और उनकी मैक्स लाइफ पॉलिसी के 2.20 लाख रुपये जमा नहीं हुए हैं। अगर पॉलिसी रिफंड करानी है तो 2.20 लाख रुपये व 37 हजार रुपये रिफंड फीस जमा कराने होंगे। उन्होंने यह राशि जमा करा दी। बाद में पता लगा कि उनके साथ साइबर ठगी हुई है। उनके खाते में 97 हजार रुपये वापस भी आए, लेकिन 1.60 लाख नहीं मिले हैं। सदर थाना सोनीपत पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
वहीं बहालगढ़ थाना में यूपी के जिला बागपत के गांव जलालपुर निवासी आरिफ तोमर ने बताया कि वह कुमासपुर स्थित एल्डिको सोसाइटी स्थित निजी बैंक में रिलेशनशिप मैनेजर हैं। उनके पास एक ओटीपी आया था। उसके बाद उनके क्रेडिट कार्ड से 1140 डॉलर कट गए।
उधर, देव नगर निवासी अनिल को लोन दिलाने के नाम पर अलग-अलग बहाने बनाकर 1.49 लाख रुपये ले लिए गए। पीड़ित ने सिटी थाना में मुकदमा दर्ज कराया है।
साथ ही मुरथल निवासी जितेंद्र को भी लोन दिलाने का झांसा देकर उनसे अलग-अलग बहाने से 1.23 लाख रुपये ठग लिए गए। मुरथल थाना में मुकदमा दर्ज किया गया है।
पांचवें मामले में सिविल लाइन थाना क्षेत्र की युवती कीर्ति के पास उनका बहनोई बनकर कॉल करने के बाद उनसे 99 हजार रुपये ऐंठ लिए गए।