सोनीपत। गांव हुल्लाहेड़ी के युवक को कबूतरबाजी में फंसाकर 22 लाख रुपये लेकर अमेरिका भेजने का मामला सामने आया है। युवक को गलत तरीके से अमेरिका भेजने के बाद उसका पासपोर्ट छीन लिया गया और उसको मैक्सिको में पुलिस ने पकड़ लिया। एक माह तक जेल में रखा गया और वहां उसकी तबीयत बिगड़ गई। बाद में युवक ने डुप्लीकेट पासपोर्ट बनवाया और वह फरवरी में वापस आ गया। युवक ने एसपी सोनीपत और पानीपत को शिकायत दी थी। उसके बाद एसपी सोनीपत के निर्देश पर मुरथल थाना में मुकदमा दर्ज किया गया है।
गांव हुल्लाहेड़ी निवासी धीरज ने एसपी सोनीपत को शिकायत दी थी कि वह स्नातक तक पढ़ा है। वह रोजगार की तलाश में था कि वह पानीपत के गांव जोशी निवासी दीपक उर्फ दुलीचंद से मुरथल स्थित एक ढाबे पर मिला था। उसने उसे कहा था कि वह उसे नियमों के अनुसार अमेरिका भिजवा सकता है। वहां अच्छी नौकरी मिल जाएगी। उसका बेटा भी अमेरिका में रहता है और उसकी कई कंपनियों में जान पहचान है। जिससे वह उसकी नौकरी लगवाने में मदद करेगा। जिस पर उसने अपने परिजनों को अवगत कराया। उन्होंने दीपक से उसे अमेरिका भेजने के नाम पर मुरथल के ढाबे पर 22 लाख रुपये में सौदा किया था। जिसमें से 17 लाख रुपये उसके खाते में डलवा दिए और पांच लाख रुपये नकद दे दिए। वह 18 मई, 2019 को अमेरिका के मैक्सिको में पहुंच गया था। वहां पर आरोपी के आदमियों ने उसका पासपोर्ट छीन लिया। तब उसे पता लगा कि उसे अनैतिक तरीके से अमेरिका लाया गया है। उसे मैक्सिको पुलिस ने पकड़ लिया और उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया। उसके परिवार को पता लगा तो उनकी भी हालत बिगड़ गई। बाद में मशक्कत कर उसने अपना डुप्लीकेट पासपोर्ट बनवाया और वह 26 फरवरी को वापस अपने देश में आ सका। उसने भारत आने के बाद अपने पिता धर्मबीर के साथ मिलकर आरोपी की तलाश की, लेकिन वह नहीं मिला। उसे फोन किया तो एक दिन फोन उठाने पर बाद में बात करने को कहा था। उसके बाद फोन नहीं उठाया। व्हाट्सएप पर मैसेज भी किए, लेकिन जवाब नहीं मिला। तब उसने पुलिस को अवगत कराया। मामले की जांच डीएसपी डिटेक्टिव हंसराज द्वारा की गई। उन्हें मामले में आरोपी की संलिप्तता मिली। जिस पर मुरथल थाना पुलिस ने भादसं की धारा 406 व 420 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।
एक माह जेल में रहा युवक, यातनाएं सहनी पड़ी
धीरज का आरोप है कि जब वह गैर कानूनी तरीके से अमेरिका के मैक्सिको में पहुंचा तो उसका पासपोर्ट छीन लिया गया। वहां पर वह पकड़ा गया और एक माह तक जेल में रहा। उसे यातना सहनी पड़ी। वहां पर वह बीमार रहने लगा और मानसिक तनाव हो गया। मशक्कत के बाद वह वापस आ सका।
वर्जन
युवक ने कबूतरबाजी में फंसाकर अमेरिका भेजने व उससे 22 लाख रुपये ऐंठने का आरोप लगाते हुए शिकायत दी थी। जिस पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। युवक ने आरोपी से सौदेबाजी मुरथल स्थित ढाबे पर की थी। पुलिस मामले से जुड़े साक्ष्य जुटा रही है।
संजीव कुमार, जांच अधिकारी, थाना मुरथल।