सोनीपत। स्पेशल एंटी गैंगस्टर यूनिट सेक्टर-7 टीम ने घर से 58 लाख रुपये चोरी करने के मामले में चौथे आरोपी गांव सलीमसर माजारा निवासी अंकित उर्फ बच्ची को गिरफ्तार कर लिया है। उसके पास से चोरी के डेढ़ लाख रुपये बरामद हुए हैं।
गांव तिहाड़ मलिक निवासी जगदीश ने 22 मई को शहर थाना में शिकायत दी थी कि करीब एक साल पहले खेत की जमीन बिकी थी, जिसमें से उनके हिस्से में 80.60 लाख रुपये आए थे। 24.60 लाख रुपये उसी समय खाते में डलवाए थे। 56 लाख रुपये रजिस्ट्री के समय देने थे। 21 मई को उसकी रजिस्ट्री कराई थी। उन्हें 56 लाख रुपये उस समय मिले थे जब वहां पर उनका छोटा बेटा राकेश, परिवार का सदस्य आशू, उसका दोस्त जोंगिंद्र उर्फ जोगा थे। उस राशि को बैग सहित घर में रख दिए थे। उसी बॉक्स में दो लाख रुपये पहले से थे। रात में राशि चोरी हो गई। इस पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया था। इस मामले में एसएजी यूनिट की ओर से आरोपी जोगिंद्र उर्फ जोगा, नवीन उर्फ रोकी व राजेंद्र को पहले ही गिरफ्तार कर लिया गया था। अब आरोपी अंकित उर्फ बच्ची को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। संवाद