सोनीपत के जिला कारागार में चार कैदियों ने एक कैदी पर पतीले से हमला कर दिया और उसे पीटकर घायल कर दिया। जेल वार्डन ने बीच-बचाव करके कैदी को छुड़वाया। हादसे के बाद घायल कैदी को खानपुर कलां मेडिकल कॉलेज अस्पताल में उपचार दिलाया गया। पुलिस ने जेल उप-अधीक्षक के बयान पर केस दर्ज कर लिया है।
जेल उप अधीक्षक संदीप कुमार ने पुलिस को बताया कि गांव हरसाना कलां निवासी नरेश हत्या के मामले में सोनीपत जेल में बंद है। वह मंगलवार को जेल के ब्लॉक नंबर 2 में था। उसके साथ नई बसौदी निवासी मोहित, आदर्श नगर गोहाना निवासी लक्ष्मी नारायण, मलिकपुर निवासी मोहित और सनपेड़ा निवासी विकास भी बंद थे। इनमें किसी बात को लेकर कहासुनी हुई जिसके बाद चारों ने नरेश पर पतीले से हमला कर दिया। इससे वह बुरी तरह घायल हो गया। वहीं, चारों कैदियों ने नरेश को जान से मारने की भी धमकी दी।
जेल उप-अधीक्षक संदीप कुमार मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। खानपुर कलां मेडिकल कॉलेज अस्पताल में डॉक्टरों को नरेश के शरीर पर 7 चोटें मिली हैं। मामले में संदीप कुमार के बयान पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। आरोपी हत्या की कोशिश के मामले में जेल बंद है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। आरोपियों को प्रोडक्शन वारंट पर लेकर पूछताछ की जाएगी।