सोनीपत। स्पेशल एंटी गैंगस्टर यूनिट सेक्टर-7 पुलिस ने जालसाजी में फंसाकर करोड़ों रुपये ऐंठने, फिर दुष्कर्म एवं छेड़खानी के झूठे केस में फंसाने की धमकी देने वाले गिरोह की तीन महिला सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी सोनीपत के शिव कॉलोनी निवासी कुशाल व शहर निवासी तीन महिलाएं हैं। पुलिस ने आरोपियों को अदालत में पेश कर तीन दिन के रिमांड पर लिया है।
गन्नौर के अनूप नगर निवासी सन्नी ने 23 अक्तूबर को थाना गन्नौर में दी शिकायत में बताया था कि अगस्त 2023 में उनके पास एक लड़की ने फोन कर व संदेश भेजकर मिलने की बात कही थी। महिला ने बताया कि उनके पति धसौली निवासी रोहित ने आपका नंबर दिया है। रोहित मेरा था, इसलिए मैंने मिलने की बात कह दी। कुछ दिन बाद लड़की अपनी बहर के साथ आई और कहने लगी कि हम मुथुट फाइनेंस से सोना खरीदते हैं और बाजार में मुनाफे पर बेचते हैं। मुथुट फाइनेंस का प्रबंधक हमारा दोस्त है। 26 अगस्त 2023 को दोनों लड़की चार लाख रुपये उधार लेकर 27 फीसदी ब्याज सहित लौटने की बात कहकर ले गई। वह हर चार माह में मेरे पिता के बैंक खाते में ब्याज के पैसे भेजती रही। विश्वास होने पर मुथुट फाइनेंस में मोटे मुनाफे का लालच देकर 20 लाख रुपये ले लिए। पैसे वापस मांगे तो दुष्कर्म के झूठे केस में फंसाने की धमकी देकर अलग-अलग तारीखों में कुल 1.56 लाख रुपये हड़प लिए। जिसमें 95 हजार रुपये वापस दिए हैं। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया। जहां से चारों को तीन दिन के रिमांड पर लिया है।