दो आरोपियों को थाना मुरथल और दो को थाना कुंडली पुलिस ने काबू किए हैं। गिरफ्तार आरोपी प्रदीप निवासी सेवली, राकेश निवासी मेहंदीपुर, गांव गढ़ सहजानपुर निवासी अंकित और गांव फाजिलपुर निवासी दिनेश हैं।
सभी आरोपियों को सोमवार को अदालत में पेश किया गया। जहां से राकेश को रिमांड पर लिया गया है, वहीं अन्य को जेल भेज दिया गया है। पुलिस ने इसी मामले में पहले गिरफ्तार किए गए तीन आरोपियों के कब्जे से लूटा गया सामान भी बरामद किया है।
मुरथल पुलिस ने पकड़े दो आरोपी
मुरथल थाना पुलिस ने कुमासपुर चौक के पास जाट आंदोलन के दौरान टैंकर व अन्य वाहनों में आगजनी करने के आरोप में गांव सेवली निवासी प्रदीप को काबू किया है।
आरोपी को बीसवां मील चौक से गिरफ्तार किया गया। इस मामले में फतेहपुरी, दिल्ली निवासी सुखप्रीत सिंह ने शिकायत दी थी कि आंदोलन के दौरान कुमासपुर चौक के पास अज्ञात ने उसके टैंकर व अन्य वाहनों को आग के हवाले कर दिया है।
अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। दूसरी ओर थाना मुरथल पुलिस ने ही मुरथल चौक स्थित पेट्रोल पंप के शीशे तोड़ने व नुकसान पहुंचाने के आरोप में राकेश निवासी मेहंदीपुर को गिरफ्तार किया है।
इस मामले में पेट्रोल पंप पर कार्यरत ताराचंद ने शिकायत दी थी। राकेश को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया गया है।
कुंडली थाना पुलिस ने भी काबू किए दो
कुंडली थाना पुलिस ने गांव गढ़ सहजानपुर निवासी अंकित व गांव फाजिलपुर निवासी दिनेश को सेक्टर 14-15 रोड से गिरफ्तार किया है।
इन पर कुंडली स्थित अंसल प्लाजा, टीडीआई मॉल में तोड़फोड़ करने का आरोप है। इस मामले में सुरेश, रमनदीप व गुरचरण आदि ने शिकायत दी थी।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तोड़फोड़ में प्रयुक्त लोहे की रॉड बरामद की है। आरोपियों को सोमवार को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया गया है।
जुरासिक पार्क से लूटा सामान बरामद
दूसरी ओर थाना मुरथल पुलिस ने जुरासिक पार्क में आगजनी, तोड़फोड़ व लूटपाट के मामले में आरोपियों के कब्जे से डीजे की लाइट, दो एलईडी व गैस सिलेंडर बरामद कर लिया है।
बता दें कि इस मामले में पुलिस ने गांव नांगल खुर्द निवासी हिमांशु उर्फ आशु और अविनाश उर्फ आशु तथा गांव कुमासपुर निवासी दीपक उर्फ मोनी को गिरफ्तार कर दो दिन के रिमांड पर लिया था। इस मामले की शिकायत जुरासिक पार्क के प्रबंधक हरीश ने की थी।