बहादुरगढ़। युवक को निर्वस्त्र कर मारपीट करने, जबरन उठाकर ले जाने, जान से मारने की धमकी देने और घर के दरवाजे पर केमिकल डालकर आग लगाने के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
शुक्रवार दोपहर पुलिस ने आरोपियों को थाना शहर से दिल्ली-रोहतक रोड तक शहर के बीच जुलूस निकाला। आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल दो मोटरसाइकिल बरामद की गई हैं। आरोपियों को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों के बीच वर्ष 2022 से पुरानी रंजिश चली आ रही है।
18 अगस्त की रात होटल से युवक को उठाने का आरोप
एफआईआर में दर्ज शिकायत के अनुसार 18 अगस्त की रात आरोपियों ने शहर के एक होटल से एक युवक को जबरन उठाया। उसके साथ मारपीट की। बाद में परिजनों ने उसे शहर के नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया। सूचना मिलने पर थाना शहर पुलिस अस्पताल पहुंची और मेडिकल कराया।
वीडियो फुटेज से आरोपियों की पहचान
पुलिस ने वीडियो फुटेज और अन्य साक्ष्यों की जांच की। जांच में सामने आया कि युवक के साथ पहले मारपीट की गई और फिर उसे जबरन अपने साथ ले जाया गया। उसे जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप है। इसी घटनाक्रम में चिराग और लोकेश के साथ मारपीट किए जाने की बात भी सामने आई है।
चार आरोपी गिरफ्तार, दो मोटरसाइकिल बरामद
थाना शहर पुलिस ने अंकित राठी निवासी परनाला, टिंकू, चांद निवासी विवेकानंद नगर और धीरज निवासी लाइनपार, बहादुरगढ़ को गिरफ्तार किया।
निर्वस्त्र कर मारपीट करने, जबरन उठाकर ले जाने, जान से मारने की धमकी और घर के दरवाजे पर ज्वलनशील केमिकल डालकर आग लगाने के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आगे जांच की जा रही है।
-मयंक मिश्रा, डीसीपी, बहादुरगढ़।
-फोटो 90 :