संवाद न्यूज एजेंसी
महम। पुलिस ने बहादुरगढ़ निवासी कृष्णा नंद से रुपये दोगुना करने के लालच में 15 लाख रुपये की धोखाधड़ी के चार आरोपियों जींद निवासी सतीश व रोहित, नरवाना के डाभी निवासी संदीप उर्फ रामदिया व फतेहाबाद निवासी राजबीर को गिरफ्तार किया है। इन आरोपियों को अदालत में पेश कर तीन दिन की पुलिस रिमांड पर लिया गया है। यह घटना एक सप्ताह पहले हुई थी।
थाना प्रभारी सतपाल सिंह ने बताया कि कृष्णा नंद ने 9 सितंबर को महम थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उनके पूर्व चालक धर्मेंद्र ने रुपये दोगुना करने का लालच दिया था। कृष्णा नंद पांच लाख रुपये लेकर महम आए जहां धर्मेंद्र और चार अन्य व्यक्ति मिले।
आरोपियों ने 15 लाख रुपये से कम दोगुना न करने की बात कही। धर्मेंद्र ने स्वयं 10 लाख रुपये देने का नाटक किया जिसके बाद कृष्णा नंद ने कुल 15 लाख रुपये आरोपियों को दिए। आरोपी रुपये लेकर वहां से चले गए। पुलिस मामले को लेकर अभी जांच कर रही है।