गांव अटेरना के पास सेक्टर-70 में क्षत्रिय राजपूत महासभा सोनीपत एवं समस्त राजपूत समाज की ओर से रविवार को सम्राट पृथ्वीराज चौहान भवन का शिलान्यास किया गया। साथ ही राजपूत गौरव सम्मान समारोह भी आयोजित किया गया। कार्यक्रम में हरियाणा के अलावा उत्तर प्रदेश, दिल्ली व राजस्थान से समाज के लोग पहुंचे। उन्होंने सबसे पहले महाराणा प्रताप व सम्राट पृथ्वीराज चौहान की फोटो पर पुष्प अर्पित कर कार्यक्रम की शुरुआत की। इस दौरान बच्चों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति दी गई।
राजपूत सभा के जिलाध्यक्ष डॉ. गुलशन राय कुशवाहा ने कहा कि पांच मंजिला सम्राट पृथ्वीराज चौहान भवन का निर्माण 3.25 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इस भवन में प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए कोचिंग सेंटर व कृषि अनुसंधान केंद्र की स्थापना की जाएगी। समाज को समर्पित इस भवन का इस्तेमाल समाज कल्याण में किया जाएगा। मुख्यातिथि भारतीय शिक्षा बोर्ड के चेयरमैन डॉ. एनपी सिंह ने युवाओं को आगे बढ़कर नए समाज का निर्माण करने की प्रेरणा दी और उन्होंने भविष्य में भी इसी भवन के अंदर युवाओं को अच्छे रास्ते पर चलने की कोचिंग देने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने 11 लाख, विधायक के भाई ने ढाई लाख देने की घोषणा की
कार्यक्रम की सूचना मिलने पर मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने फोन पर 11 लाख रुपये देने की घोषणा की। पैरा मेडिकल कॉलेज की फाइल चलाने की बात को भी स्वीकार किया। विधायक मोहनलाल बड़ौली के भाई माईराम ने ढाई लाख रुपये देने की घोषणा की। सामाजिक कार्यकर्ता राजकुमार शर्मा रसोई ने दो कमरे बनवाने की घोषणा की। कार्यक्रम की अध्यक्षता ठाकुर एनपी सिंह, ठाकुर राजकुमार चौहान, डॉ. मदन चौहान, चंदन सिंह सेगर ने की। मंच का संचालन सुभाष सिसोदिया ने किया।
इस दौरान अनिल चौहान, चरण सिंह चौहान, राजेश चौहान, सतपाल चौहान, फूल कुमार चौहान, जयभगवान छपरौली, कैलाश नंबरदार, मास्टर सुरेंद्र, पार्थ अटेरना, अरुण अटेरना, फरीदाबाद राजपूत सभा के अध्यक्ष कमल सिंह, डॉ. विनोद चौहान, सतीश चौहान, प्रमोद राणा, जाखौली के निवर्तमान सरपंच गौरव चौहान, ओमप्रकाश चौहान, बालकिशन चौहान, शीतल चौहान, योगेश चौहान जाजल, करण चौहान, मोनू चौहान, सुखपाल चौहान, रोहताश सिंह चौहान, धर्मपाल चौहान, विजेंद्र चौहान, कंवर सिंह चौहान, रामसिंह राणा आदि मौजूद रहै।