फोटो : 10: सोनीपत के गांव खुबड़ू में चौपाल के निर्माण का शुभारंभ कराते विधायक देवेंद्र कादियान।
गन्नौर। विधायक देवेंद्र कादियान ने सोमवार को गांव खुबड़ू में विकास कार्यों का शिलान्यास किया। विधायक ने गांव में बदलू वाली जनरल चौपाल में नारियल तोड़कर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। इसके अलावा गांव की फिरनी का उद्घाटन किया। चौपाल का निर्माण कार्य एचआरडीएफ स्कीम के तहत करीब 27 लाख रुपये की लागत से किया जाएगा, जबकि गांव की फिरनी 81 लाख रुपये की लागत से पूरी होकर तैयार हो चुकी है।
विधायक ने कहा कि गन्नौर विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को पारदर्शिता के साथ आगे बढ़ाया जा रहा है। हर गांव में जरूरत के अनुसार चौपाल, फिरनी, नालियां और सड़कों का निर्माण कराया जा रहा है ताकि ग्रामीणों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
उन्होंने बताया कि सरकार का लक्ष्य ग्रामीण इलाकों में शहरी सुविधाएं उपलब्ध कराना है। इसी दिशा में योजनाबद्ध तरीके से कार्य किया जा रहा है। कादियान ने कहा कि गांव खुबड़ू में बनने वाली नई चौपाल लोगों के आपसी मेलजोल और सामाजिक कार्यक्रमों का केंद्र बनेगी।
फिरनी का नए सिरे से निर्माण होने पर अब बारिश के दिनों में लोगों को कीचड़ और जलभराव की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वह विकास कार्यों की देखरेख में सहयोग दें ताकि गुणवत्तापूर्ण निर्माण हो सके।
एसडीओ सचिन कुमार ने बताया कि चौपाल के निर्माण कार्य को निर्धारित समय में किया जाएगा। इस अवसर पर सरपंच प्रतिनिधि प्रवीण, हरिओम, मेहर सिंह, नाहर सिंह, अशोक पंडित, मास्टर वीरेंद्र, जयपाल, सोनू, अनिल, मंजीत चीमा, इंद्र सिंह, परमा धनखड़ आदि मौजूद रहे।