सोनीपत। गन्ने के उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए कृषि एवं किसान कल्याण विभाग की ओर से 10 फरवरी को सहकारी चीनी मिल में गन्ना किसान मेले का आयोजन किया जाएगा।
मेले की तैयारियों को लेकर बुधवार को सोनीपत कृषि उपनिदेशक कार्यालय में अधिकारियों की बैठक हुई। इसमें कृषि उपनिदेशक डॉ. पवन शर्मा ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
मेले में जिले से करीब 500 गन्ना उत्पादक किसान शामिल होंगे। इस दौरान सीसीएस एचएयू क्षेत्रीय अनुसंधान स्टेशन, उचानी से गन्ना विशेषज्ञ भी पहुंचेंगे। वह न सिर्फ किसानों को गन्ने की नई किस्मों के बारे में जागरूक करेंगे, बल्कि गन्ने की फसल में होने वाले विभिन्न प्रकार के रोगों की रोकथाम के उपायों की जानकारी देंगे। प्रदेश में गन्ने का भाव अन्य राज्यों की अपेक्षा काफी बेहतर है। जिले में गांव आहुलाना व सोनीपत में सहकारी चीनी मिल हैं। उसके बावजूद गन्ने का रकबा अपेक्षाकृत कम होता जा रहा है।
13032 एकड़ में उगा रखा है गन्ना
सोनीपत की सहकारी चीनी मिल क्षेत्र के 13032 एकड़ में गन्ना उगा रखा है। पिछली बार के मुकाबले इस बार 600 एकड़ कम गन्ने की बिजाई की थी। गांव आहुलाना स्थित चौ. देवीलाल सहकारी चीनी मिल क्षेत्र में पिछली बार 14500 एकड़ में गन्ने की फसल थी। इस बार 8800 एकड़ में गन्ने की फसल खड़ी है। ऐसे में गन्ने का उत्पादन को बढ़ाने के लिए विभाग ने मेला आयोजित करने का फैसला किया है। इससे किसान किसान गन्ना उत्पादन करने के साथ-साथ खुद का ब्रॉड भी तैयार करे और अधिक आय कमाए।