फोटो : हैदराबाद में प्रशिक्षण पूरा करने के बाद माता-पिता के साथ फ्लाइंग आफिसर हर्ष दहिया। स्रोत
खरखौदा। गांव किढ़ौली के हर्ष दहिया भारतीय वायु सेना में फ्लाइंग ऑफिसर की ट्रेनिंग पूरी करने के बाद पहली बार पैतृक गांव पहुंचे। 15 जून को गांव पहुंचने पर ग्रामीणों ने उनका जोरदार स्वागत किया। वर्ष 2024 में सीडीएस परीक्षा उत्तीर्ण करने के बाद उन्होंने हैदराबाद में प्रशिक्षण पूरा किया।
सोहटी गांव की सीमा पर बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्रित हुए और देशभक्ति नारों के बीच उनका अभिनंदन किया। हर्ष दहिया ने सबसे पहले शहीद भगत सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की तथा संत निश्चलदास की प्रतिमा को नमन किया।
इसके बाद गांव में सम्मान यात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में युवा, महिलाएं, बुजुर्ग और बच्चे शामिल हुए। सम्मान समारोह में हर्ष दहिया को सम्मानित किया गया। संवाद