सोनीपत। नवरात्र के साथ फूलाें का बाजार भी महक उठा है। इन दिनों जिला में रोजाना करीब 12 क्विंटल फूलों की खपत बढ़ गई है। गुलाब व गेंदा फूल के दामों में 35 से 50 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। नवरात्र के चलते मंदिरों के साथ घरों में भी फूलों की ज्यादा मांग है। साथ ही चुनाव को लेकर भी गेंदा फूल की ज्यादा मांग की जा रही है। वहीं, श्रद्धालुओं के लिए फूलाें को खासकर गाजीपुर मंडी, दिल्ली से मंगवाया जा रहा है, लेकिन लोकल फूलों की भी ज्यादा डिमांड है।
फूल विक्रेता दीपक कुमार ने बताया कि नवरात्र पर अकसर फूलों की मांग बढ़ने के साथ दामों में उछाल आता है। नवरात्र के साथ त्योहारी सीजन शुरू होने से अब करीब दो माह तक फूलों की डिमांड ज्यादा रहेगी। त्योहार के बाद शादियों का दौर शुरू हो जाएगा। फिलहाल नवरात्र व चुनावी दौर के चलते रोजाना 12 क्विंटल फूलाें की मांग बढ़ गई है। इसमें गेंदा व गुलाब के फूलों की अधिक डिमांड है। जिले में करीब 47 फूल विक्रेता हैं। सभी जगह गेंदा व गुलाब के फूल की ज्यादा मांग की जा रही है। उन्होंने बताया कि गाजीपुर मंडी, दिल्ली से फूल आते-आते थोड़ी पत्तियां झड़ने या थोड़ा मुरझाने लगता है। ऐसे में ग्राहक ताजा फूलों के लिए लोकल फूलाें को ज्यादा पसंद कर रहे हैं। लोकल फूलों की बिक्री पहले हो रही है। इसके अलावा सफेद फूल गुलदावरी की ज्यादा मांग नहीं है। जिलाभर में गुलदावरी की करीब 50 से 60 किलो की बिक्री हो रही है।
गुलाब पहुंचा 150 तो गेंदा फूल ने 80 से 170 पर मारी उछाल
फूल विक्रेता ने बताया कि आमतौर पर गुलाब का फूल 100 रुपये किलो बिकता है, जबकि नवरात्र शुरू होने के बाद गुलाब की कीमत 150 रुपये तक पहुंच गई है। इसके अलावा गेंदा फूल अन्य दिनों सिर्फ 80 से 90 रुपये किलो के हिसाब से बिक रहे थे। अब इनकी कीमत 160 से 170 रुपये प्रति किलो हो गई है। नवरात्र व चुनाव के चलते ही दोनों फूलों के दामाें में 35 से 50 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।