गोहाना। रोहतक-पानीपत हाईवे पर ठसका गांव के पास पांच युवकों ने टैक्सी चालक के सिर पर कांच की बोतल मारकर उसका मोबाइल और कार छीन ली। पांचों युवक गुरुग्राम से टैक्सी में सवार होकर गोहाना आ रहे थे। चालक की शिकायत पर बरोदा थाना की भैंसवान खुर्द चौकी में केस दर्ज किया गया है।
राजस्थान के कोटपुतली जिले के गंडाला गांव निवासी अश्वनी ने पुलिस को बताया कि वह गुरुग्राम में टैक्सी चलाता है। 19 सितंबर की रात करीब साढ़े 11 बजे पांच युवकों ने रोहतक जाने के लिए उसकी टैक्सी बुक की थी। रात करीब एक बजे रोहतक पहुंचने के बाद युवकों ने उसे गोहाना छोड़ने के लिए कहा। इसके बाद वह उन्हें लेकर गोहाना के लिए चल पड़ा।
अश्वनी के अनुसार, रात करीब दो बजे ठसका गांव के पास आगे की सीट पर बैठे एक युवक ने उसके सिर पर कांच की बोतल मार दी। चक्कर आने पर उसने गाड़ी रोक दी। इसके बाद पांचों युवक उसका मोबाइल और कार लेकर फरार हो गए। बरोदा थाना प्रभारी अशोक कुमार ने बताया कि चालक की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।