फोटो 46: सोनीपत के गांव किलोहड़द स्थित आईआईआईटी कैंपस में डाका डाले जाने के बाद घटनास्थल पर म
- फोटो : अमर उजाला
सोनीपत। गांव किलोहड़द स्थित भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईआईटी) परिसर में हथियारबंद बदमाशों ने डकैती को अंजाम दिया। रात के अंधेरे में दाखिल हुए नकाबपोश बदमाशों ने चौकीदारों को बंधक बनाकर स्टोर रूम का ताला तोड़ा और सात लाख का तार लूट ले गए। बदमाश करीब दो घंटे तक कैंपस में बेखौफ घूमते रहे।
मूलरूप से पंजाब के होशियारपुर के गांव सोहरा हॉल सेक्टर-23 सोनीपत निवासी राकेश डोगरा ने सदर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है कि वह आईआईआईटी कैंपस में प्रोजेक्ट प्रोक्योरमेंट मैनेजर है। कैंपस में भवन निर्माण का कार्य चल रहा है। इसके लिए अलग-अलग स्टोर बनाए गए हैं। सुरक्षा के लिए रात में पांच चौकीदार तैनात रहते हैं।
शुक्रवार देर शाम काम समाप्त होने के बाद सभी स्टोर बंद कर वह अपने कमरे पर चले गए थे। शनिवार सुबह करीब छह बजे कैंपस में चालक गुलशन पहुंचा तो उन्होंने बताया कि रात में 5-6 हथियारबंद बदमाशों ने कैंपस में डाका डाला है।
बदमाशों ने पिस्तौल दिखाकर कर रात की ड्यूटी पर तैनात चौकीदार विजेंद्र, कैलाश, आजाद, जयवीर और रोशन को काबू कर लिया। सभी को निर्माणाधीन प्रशासनिक भवन के मीटिंग रूम में ले जाकर उनके हाथ-पैर रस्सियों से बांध दिए और मुंह पर टेप लगा दी।
चौकीदारों को बंधक बनाने के बाद बदमाशों ने स्टोर का ताला तोड़कर बिजली फिटिंग तारों की 17 पेटियां लूट लीं जिनकी अनुमानित कीमत करीब सात लाख रुपये है।
सुबह जब गुलशन को चौकीदार मौके पर नहीं मिले। तलाश के दौरान वह सभी बंधे हुए मिले जिनकी रस्सियां खोलकर उनसे पूछताछ की गई। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है।