हत्या के मामले में गिरफ्तार आरोपी सीआईए-2 टीम के साथ। संवाद
- फोटो : Sonipat
गांव अटेरना में पेट्रोल पंप के सेल्समैन की हत्या करने के बाद एक साल से पुलिस पकड़ से बाहर चल रहे पांच हजार के इनामी को सीआईए-2 की टीम ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर सुआ से गोदकर सेल्समैन की हत्या करने का आरोप है। आरोपी उत्तर प्रदेश के आगरा में एक फैक्टरी में नौकरी कर रहा था। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर एक दिन के रिमांड पर लिया है।
नांगल कलां निवासी आशु ने 25 अक्तूबर, 2021 को कुंडली थाना पुलिस को बताया था कि उसका छोटा भाई अमित अटेरना की साधू मार्केट में स्थित एक पेट्रोल पंप पर सेल्समैन था। उसके भाई अटेरना के गौतम से किसी बात पर विवाद हो गया था। उसके चलते गौतम ने अमित को सुआ से गोदकर घायल कर दिया था। अमित की पीजीआई ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई थी। पुलिस ने गौतम के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया था। उसके बाद से गौतम पुलिस पकड़ से बाहर चल रहा था। एसपी ने इसकी जांच सीआईए-2 को सौंपी थी। उसकी गिरफ्तारी पर 5 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।
सीआईए-2 प्रभारी अजय धनखड़ ने बताया कि उनकी टीम ने गौतम को अटेरना से गिरफ्तार कर लिया है। वह परिजनों से मिलने आया था। पुलिस पूछताछ में गौतम ने बताया कि फरारी के दौरान वह उत्तर प्रदेश के आगरा में एक कंपनी में कार्य कर रहा था। अब उससे रिमांड के दौरान पूछताछ की जाएगी।