सोनीपत। आमजन की समस्याओं के निराकरण के लिए वीरवार को लघु सचिवालय में समाधान शिविर का आयोजन किया गया। इसमें नगराधीश सिमरन ने 12 शिकायतें सुनने के साथ अधिकारियों को शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
नाहरा गांव में नाली को पक्का करवाने, बिजली मीटर में नाम परिवर्तन करवाने, एक ऑटोमोबाइल शोरूम संचालक की ओर से पांच माह बीत जाने के बावजूद वाहन की आरसी एवं नंबर प्लेट उपलब्ध न करवाने पर कार्रवाई करने की मांग की गई।
विज्ञापन
साथ ही बीपीएल कार्डधारक की ओर से फ्लैट आवंटन के लिए जमा करवाई गई 10 हजार रुपये की राशि वापस दिलवाने, परिवार पहचान पत्र में आय संबंधी त्रुटि को ठीक करवाने व खेतों के रास्तों के बीच स्थित खंभे को स्थानांतरित करवाने सहित विभिन्न शिकायतें प्राप्त हुईं।
सीटीएम सिमरन ने कहा कि प्रत्येक शिकायत का गंभीरता से संज्ञान लेते हुए उसका प्राथमिकता के आधार पर निपटारा किया जाए ताकि नागरिकों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। इस दौरान एसीपी राजपाल सिंह, डीआरओ सुशील शर्मा, डीडीपीओ मनीष मलिक, तहसीलदार कीर्ति भी उपस्थित रहे।